ट्रंप से फोन पर भिड़े नेतन्याहू, जंग रोकने की बात पर बढ़ा तनाव

US Israel Iran War: पश्चिम एशिया की जंग को लेकर अब अमेरिका और इजराइल के बीच भी दरार की खबरें आने लगी हैं। इजराइल ईरान पर फिर से हमला करने के लिए बेताब है जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मानना है कि बातचीत को अभी एक और मौका मिलना चाहिए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच हुई फोन पर बातचीत इतनी गर्म हो गई कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आपे से बाहर हो गए।
खबरों के अनुसार यह बातचीत करीब एक घंटे तक चली। नेतन्याहू ने ईरान पर हवाई हमले दोबारा शुरू करने का दबाव बनाया लेकिन ट्रंप ने साफ कह दिया कि पहले कूटनीति को आजमाया जाना चाहिए। Axios की रिपोर्ट में लिखा गया कि बातचीत इतनी तीखी रही कि Netanyahu’s hair was on fire यानी नेतन्याहू का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इजराइली प्रधानमंत्री को शांति वार्ता पर बिल्कुल भरोसा नहीं है और वे तेहरान की फौजी ताकत व बुनियादी ढांचे को और तबाह करना चाहते हैं।
फोन पर क्या हुई बात?
Axios ने इस बातचीत से वाकिफ सूत्रों के हवाले से बताया कि ट्रंप ने नेतन्याहू को जानकारी दी कि कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थ एक लेटर ऑफ इंटेंट तैयार कर रहे हैं। इस दस्तावेज पर अमेरिका और ईरान दोनों दस्तखत करेंगे ताकि युद्ध को औपचारिक तौर पर खत्म किया जा सके। इसके बाद 30 दिनों की बातचीत का दौर शुरू होगा जिसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
इजराइली सूत्रों ने साफ किया कि नेतन्याहू ट्रंप की इस सोच से बिल्कुल इत्तेफाक नहीं रखते। CNN के हवाले से आई खबर के मुताबिक नेतन्याहू ने ट्रंप को दो टूक कह दिया कि हमले रोकना एक बड़ी भूल होगी और तय कार्यक्रम के मुताबिक सैन्य कार्रवाई आगे बढ़नी चाहिए। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि फोन खत्म होने के बाद नेतन्याहू इतने भड़के हुए थे कि कहा गया “Netanyahu’s hair was on fire” यानी बीबी का गुस्सा चरम पर था। बता दें कि बीबी नेतन्याहू का वह नाम है जिससे उन्हें दुनियाभर में जाना जाता है।
अब खबर है कि नेतन्याहू आने वाले हफ्तों में वॉशिंगटन जाकर ट्रंप से आमने-सामने मुलाकात करना चाहते हैं ताकि इस मुद्दे पर सीधे बात हो सके.









