नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे, नामांकन दाखिल, उनकी जगह कौन लेगा?

पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा कैंडिडेट के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। उनके साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने भी नामांकन दाखिल किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। नामांकन के बाद जेडीयू ने गृह विभाग पर अपना दावा ठोका है। अभी ये भाजपा के पास है। सम्राट चौधरी बिहार के गृहमंत्री हैं। वहीं, जदयू के सूत्रों के अनुसार सीएम नीतीश ने बेटे निशांत कुमार 8 मार्च को जेडीयू जॉइन करेंगे। इसके बाद पार्टी में निशांत के आगे की भूमिका तय की जाएगी। पार्टी के नेता बैठक में इसपर फैसला लेंगे। नीतीश कुमार ने निशांत कुमार के ज्वाइनिंग को लेकर हरी झंडी दे दी है। नीतीश कुमार की जगह कौन लेगा इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है। सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के नाम सबसे आगे हैं। सम्राट को सीएम बनाया जा सकता है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
नई सरकार को पूरा सपोर्ट
नामांकन से पहले नीतीश कुमार ने अपने एक्स पर लिखा कि, ‘संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। बिहार की नई सरकार को मेरा सपोर्ट रहेगा। नीतीश के ऐलान पर तेजस्वी यादव ने कहा है कि, बिहार में महाराष्ट्र मॉडल बीजेपी ने लागू किया है। भाजपा ने नीतीश कुमार को इतना टॉर्चर किया कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ रहा है। बीजेपी अपनी सहयोगी पार्टी को खत्म कर देती है। बीजेपी ने नीतीश को हाईजैक किया है।
मंत्री, विधायक और एमएलसी को भगाया
इधर, सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने की खबर मिलने के बाद सुबह से ही कार्यकर्ता सीएम आवास पहुंचने लगे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि, नीतीश कुमार बिहार के हैं। उन्हें कहीं नहीं जाने देंगे। हम अपनी जान दे देंगे। सीएम हाउस के बाहर कार्यकर्ता रोते दिखे। कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस जा रहे बीजेपी कोटे के मंत्री सुरेंद्र मेहता, जेडीयू एमएलसी संजय गांधी और जेडीयू विधायक प्रेम मुखिया को भगा दिया। जदयू दफ्तर में भी गुस्साए कार्यकर्ताओं ने तोडफ़ोड़ की।









