बच्चियों में होने वाले कैंसर रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन अभियान आज से

पीएम नरेंद्र मोदी अजमेर से करेंगे शुरुआत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अजमेर आएंगे। कायड़ विश्रामस्थली में उनकी सभा होगी। सभा स्थल पर देर रात तक तैयारियां चलती रहीं। सुरक्षा एजेंसियों के साथ ही 5 हजार से ज्यादा पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभा स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है। जिले में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है। नेशनल हाईवे-8 पर किशनगढ़ से अजमेर के बीच आज सुबह 6 बजे से भारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है। मोदी का कायड़ विश्रामस्थली के पास बने हेलीपैड पर भाजपा नेता स्वागत करेंगे। यहां 9 से 14 साल तक की लड़कियों में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद मंच पर पहुंचेंगे। यहां 16600 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री सभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, स्पीकर वासुदेव देवनानी सहित कई मंत्री और नेता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 16,686 करोड़ की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।










