माकड़ौन में ‘007’ गैंग का दुस्साहस ढाबे पर युवक को चाकुओं से गोदा

दोस्तों के झगड़े की खबर सुनकर मदद के लिए पहुंचा था, खुद शिकार हुआ

उज्जैन। तराना तहसील के माकड़ौन में सोमवार रात ढाबे पर एक युवक की हत्या कर दी गई। दोस्तों के झगड़े की जानकारी मिलने पर वह मदद के लिए पहुंचा था। बदमाशों के चंगुल में फंसे युवक की चाकुओं के हमले से दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक हत्या को अंजाम देने वाले बदमाश ००७ नाम से गैंग चलाते हैं। माकड़ौन के २५ वर्षीय लखन पिता जगदीश सोलंकी को सोमवार रात सूचना मिली थी कि तनोडिय़ा रोड स्थित निजी ढाबे पर दोस्त राकेश, मुकेश और रोहित का विवाद हो गया है। वह भी मौके पर पहुंच गया।
यहां दोस्तों का आरोपी शंकरसिंह, दिलीप राणा, मनोहरसिंह और दिलीप डीजे नामक बदमाशों से विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ा तो बदमाशों ने चाकू निकाल लिए और हमला बोल दिया। लखन को चाकुओं के गहरे वार लगे ओर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बदमाश भाग निकले। हत्याकांड से ढाबे पर भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची माकड़ौन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लाश को पोस्टमार्टम के लिए उज्जैन भेजा।
सुबह भी क्षेत्र में तनाव के हालात: मंगलवार सुबह भी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण थे। माकड़ौन पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही थी। आरोपियों की तलाश में उनके तमाम ठिकानों पर भी पुलिस ने दबिश दी, लेकिन दोपहर तक वे पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। मंगलवार को उज्जैन चरक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
युवक सात भाई-बहन, सब्जी का व्यापार: मृतक लखन के भाई माखन ने बताया कि वे दो भाई और पांच बहनों को मिलाकर कुल सात भाई-बहन हैं। लखन की चार साल पहले शादी हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। पिता जगदीश सोलंकी व दोनों भाई माकड़ौन में सब्जी का व्यापार करते हैं। सोमवार की रात लखन भी सब्जी दुकान बंद कर घर पहुंचा था। इसी बीच वह ढाबे पर गया और बदमाशों के हमले का शिकार हो गया।
आदतन बदमाश हैं आरोपी, गैंग चलाने का आरोप
लखन का शव लेने उज्जैन चरक अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों न घटना को लेकर तीखा आक्रोश जताया है। इनका कहना था कि आरोपी आदतन बदमाश हैं। पुलिस का इन पर कोई नियंत्रण नहीं है। ये खुलेआम 007 नाम से गैंग चलाते हैं और सोशल मीडिया के जरिए अपनी धमक फैलाते हैं। माकड़ौन के अलावा तराना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी इनका आतंक है। माकड़ौन पुलिस के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
View this post on Instagram









