मानसून ने 9 दिन में 19 राज्यों को कवर किया, 22 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट; बिहार में 10 की मौत

देशभर में मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। शुक्रवार को इसकी एंट्री झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में हो गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के भीतर मानसून के छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है। 4 जून को केरल में दस्तक देने के बाद मानसून महज नौ दिनों में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक गुजरात को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। शुक्रवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड समेत 22 राज्यों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में गुरुवार को 12 जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव के कारण कई क्षेत्रों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। हालांकि बिजली गिरने की घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई।
वहीं दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में गुरुवार रात तेज हवाएं चलीं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।
मौसम विभाग ने राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है। कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में उमस भरा मौसम बना रह सकता है। कर्नाटक और केरल के तटीय इलाकों में समुद्र की ओर से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
दूसरी ओर तेलंगाना, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इस बीच अमेरिकी मौसम एजेंसी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) ने अल नीनो की स्थिति बनने की पुष्टि की है। वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रशांत महासागर में विकसित हो रहा यह अल नीनो आने वाले महीनों में काफी मजबूत हो सकता है और 1950 के बाद के सबसे प्रभावशाली अल नीनो घटनाक्रमों में शामिल हो सकता है।
बारिश और आंधी के बावजूद देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और हरियाणा के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में सबसे अधिक 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 44.6 डिग्री, महाराष्ट्र के वर्धा में 44.5 डिग्री, उत्तर प्रदेश के झांसी में 43.4 डिग्री और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 और 14 जून को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कई क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी तेज बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका जताई गई है।









