यूपीएसएसएससी में 2285 पदों पर निकली भर्ती, आवेदन शुरू

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 2285 पदों पर भर्ती की जाएगी। योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अभी आवेदन कर सकते हैं।

18 जून तक कर सकते हैं आवेदन
आवेदन की अंतिम तारीख 18 जून 2026 निर्धारित की गई है। जो उम्मीदवार फॉर्म में कोई सुधार करना चाहते हैं वे 25 जून 2026 तक संशोधन कर सकते हैं। यह भर्ती केवल उन अभ्यर्थियों के लिए है जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET-2025 उत्तीर्ण की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों का चयन PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मेरिट के अनुसार होगा। आवेदन शुल्क मात्र 25 रुपये रखा गया है जो सभी श्रेणियों के लिए समान है।
इन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती के तहत सहायक कोषागार लेखाकार के 548, लेखा परीक्षक के 419, अमीन के 323, अधिशासी अधिकारी के 238, लिपिक सह टंकक के 229, सहायक चकबंदी अधिकारी के 168, सहायक प्रबंधक गैर तकनीकी के 134, केंद्र प्रभारी के 92, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी के 85 और मंडी पर्यवेक्षक के 46 पद शामिल हैं। सभी पदों पर अनारक्षित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और EWS श्रेणी के अनुसार सीटें अलग-अलग निर्धारित की गई हैं।
सिर्फ ये उम्मीदवार आवेदन करने के लिए पात्र
आयोग ने साफ कर दिया है कि केवल PET-2025 में शामिल उम्मीदवारों में से ही मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को PET में बहुत कम या शून्य अंक मिले हैं उन्हें मुख्य परीक्षा में जगह नहीं मिलेगी। कुछ मामलों में जहां परिणाम जांच के अधीन हैं वहां उम्मीदवारों को प्रोविजनल आधार पर आवेदन की अनुमति दी गई है। हालांकि ऐसे उम्मीदवारों का अंतिम चयन आयोग के निर्णय पर निर्भर करेगा।
आवेदन की प्रक्रिया समझना जरूरी
उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए upsssc.gov.in पर जाना होगा। लॉगिन PET-2025 रजिस्ट्रेशन नंबर से करना होगा। फोटो और हस्ताक्षर PET-2025 के अनुसार ही अपलोड होंगे और इनमें किसी बदलाव की अनुमति नहीं होगी। आवेदन शुल्क 25 रुपये ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा।
आवेदन करने के स्टेप्स नोट करें
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in खोलें। होमपेज पर Live Advertisement सेक्शन में जाकर संबंधित विज्ञापन पर क्लिक करें। PET-2025 रजिस्ट्रेशन नंबर से लॉगिन करें। आवेदन फॉर्म में सभी जरूरी जानकारी सावधानी से भरें। अपना इच्छित पद चुनें और फोटो तथा हस्ताक्षर अपलोड करें। इसके बाद 25 रुपये का आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।








