रेलवे परिसर स्थित अवंतिका होटल से दिल्ली के यात्री का मोबाइल चोरी

होटल के कैमरे भी बंद, जीआरपी कर रही जांच
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। रेलवे स्टेशन परिसर स्थित अवंतिका होटल से दिल्ली के यात्री का मोबाइल चोरी हो गया। घटना उस वक्त हुई जब पैसेंजर सो रहा था। उसने होटल के स्टाफ से पूछताछ की लेकिन जब मोबाइल का पता नहीं चला तो अगले दिन जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जीआरपी का कहना है कि होटल के कैमरे बंद है जिससे दिक्कत आ रही है। जांच कर रहे हैं।
जीआरपी थाने में पदस्थ एसआई बीएस कुशवाह ने बताया कि दिल्ली के रहने वाले गोपाल गुप्ता महाकाल दर्शन के लिए शुक्रवार को उज्जैन आए थे। उन्होंने स्टेशन परिसर स्थित अवंतिका होटल में डोरमेट्री लिया था। रात को उन्होंने अपना मोबाइल सिरहाने रखा और सो गए। शनिवार को जब उनकी नींद खुली तो मोबाइल नदारद था। उन्होंने कमरे में खंगाला और होटल स्टॉफ से भी पूछा लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत की। मोबाइल की कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है।
कैमरे बंद, इंदौर मिली लोकेशन
एसआई कुशवाह ने बताया कि पुलिसकर्मी जब जांच करने के लिए होटल पहुंचे तो वहां लगे कैमरे बंद मिले, होटल प्रबंधन को कैमरे चालू करने के लिए कहा है। सायबर सेल की मदद से फोन की लोकेशन ट्रैक की तो वह इंदौर मिली है। जांच की जा रही है।
प्लेटफॉर्म 1 से मोबाइल चोरी: इसी तरह गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाला जेमिन पटेल भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए उज्जैन आया था। रात में वह प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर सो रहा था। मोबाइल उसके पास ही था, सुबह 4 बजे जब नींद खुली तो उसका मोबाइल नदारद था। आसपास तलाशने के बाद भी मोबाइल का कुछ पता नहीं चला। मोबाइल की कीमत 14,499 रुपए है। इसके बाद उसने जीआरपी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस अब कैमरे खंगाल रही है।










