शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स चढ़ा, निफ्टी 23700 के पार पहुंचा

गुरुवार को शेयर बाजार में अच्छी शुरुआत देखने को मिली। पश्चिम एशिया में जंग जल्द थमने की उम्मीदें बंधीं, तेल सस्ता हुआ और दुनिया के बाजारों में तेजी आई तो घरेलू बाजार ने भी इसका फायदा उठाया। सुबह 10 बजकर 35 मिनट तक सेंसेक्स 228.60 अंक यानी 0.30 फीसदी की बढ़त के साथ 75,546.99 पर जा पहुंचा। निफ्टी भी 105.45 अंक यानी 0.45 फीसदी ऊपर चढ़कर 23,764.45 पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के शुरुआती दौर में सेंसेक्स 327.74 अंक उछलकर 75,646.13 और निफ्टी 111.75 अंक बढ़कर 23,772.05 तक पहुंचा था।
कौन चढ़ा कौन गिरा?
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो और इटरनल सबसे आगे रहीं। दूसरी तरफ ट्रेंट, इन्फोसिस, सन फार्मा और बजाज फिनसर्व पीछे रहे।
एशिया में भी रौनक
एशियाई बाजारों का मिजाज भी बेहतर रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 7 फीसदी से ज्यादा उछला। जापान का निक्केई 225 और शंघाई का एसएसई कंपोजिट भी बढ़त में रहे। हांगकांग का हैंग सेंग थोड़ा नरम जरूर रहा। बुधवार को अमेरिकी बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए थे।
जानकारों की राय
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि सुबह ब्रेंट क्रूड का 106 डॉलर तक नीचे आना सकारात्मक संकेत है। राष्ट्रपति ट्रंप के इस बयान से कि जंग जल्द खत्म होगी और तेल की कीमतें तेजी से गिरेंगी बाजार को एक दिशा मिली है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 105.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बुधवार को विदेशी निवेशकों ने 1,597.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव घटने और कूटनीतिक रास्ता निकलने की संभावना से निवेशकों का भरोसा काफी मजबूत हुआ है।









