इंदौर निगम में ‘वंदे मातरम’ नहीं गाने पर हंगामा

इंदौर नगर निगम में मंगलवार को 8,455 करोड़ रुपए का बजट शोर-शराबे के बीच बहुमत से पारित किया गया। बजट चर्चा के दौरान पार्षद फौजिया शेख अलीम ने ‘वंदे मातरम’ गाने से इनकार किया।
इससे भाजपा पार्षद भड़क गए और सभापति के आसन के पास नारेबाजी की।सदन में कुछ देर तक शोर-शराबा चलता रहा, जिससे कार्यवाही बाधित हुई। स्थिति संभालने के लिए सभापति मुन्नालाल यादव को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने फौजिया शेख अलीम को सदन से बाहर जाने के निर्देश दिए।
सभापति के निर्देश पर कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम ने कहा कि उन्हें वह एक्ट दिखाया जाए, जिसमें ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य बताया गया हो। कुछ देर बाद वे खुद ही सदन से बाहर चली गईं।फौजिया ने कहा कि उनका धर्म इस्लाम उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं देता। वहीं रुबीना इकबाल खान ने कहा कि अगर एक बाप की औलाद हो तो बुलवाकर दिखाओ। उनके बयान से सदन संवेदनशील हो गया।









