उज्जैन:इम्युनिटी बढ़ाने के लिए सात्विक भोजन जरूरी

By AV NEWS

प्रतिदिन सूर्य नमस्कार के अलावा व्यायाम, प्राणायाम भी करें

दोनों समय भ्रमण भी स्वास्थ्य के लिए लाभदायक

उज्जैन।वर्तमान समय में कोरोना वायरस संक्रमण फिर से बढऩे लगा है। ऐसे में कोरोना संकमण से बचाव के लिए सात्विक भोजन करना चाहिए। इसके अलावा सूर्य नमस्कार, व्यायाम करने से मनुष्य स्वस्थ रहता है। कई लोग जो ज्यादा उम्र के हो चुके हैं, लेकिन प्रतिदिन व्यायाम करने से स्वस्थ रहते हैं। ज्यादातर लोगों का मानना है कि इम्युनिटी बढ़ाने के लिए सात्विक भोजन करना चाहिए प्रतिदिन व्यायाम के अलावा पैदल भी चलना चाहिए इससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है।

योग व्यायाम जरूरी
मेरी उम्र 84 वर्ष है, मैं प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे उठ जाता हूं और नियमित रूप से व्यायाम करता हूं। बच्चों को माधव कॉलेज के मैदान पर जिमनास्टिक का प्रशिक्षण भी दे रहा हूं। इससे बच्चों में ऊर्जा बनी रहती है। बच्चे हो या युवा या वरिष्ठ सभी को योग और व्यायाम करना चाहिए। इससे शारीरिक क्षमता बढ़ती है। व्यायाम करने से बीमारियां दूर रहती है। बच्चों को खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए इससे शारीरिक एवं मानसिक रूप से विकास होता है। स्वास्थ्य मनुष्य के लिए बहुत जरूरी है। इस बात का सभी ध्यान रखना चाहिए।– एमजी सुपेकर

स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन दौडऩा जरूरी
नियमित रूप से सूर्य नमस्कार और व्यायाम किया जाना चाहिए। अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन दौडऩा भी जरूरी है। यदि 1000 मीटर प्रतिदिन पैदल चलते हैं तो इससे शरीर को काफी लाभ मिलता है। जिमनास्टिक एवं अन्य खेल बच्चों के लिए बहुत जरूरी है। मैं बच्चों को प्रतिदिन जिमनास्टिक का प्रशिक्षण दे रहा हूं। इससे उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से फायदा मिलता है। सूर्य नमस्कार और व्यायाम प्रत्येक व्यक्ति को करना चाहिए इससे इम्युनिटी बढ़ती है।– नवीन आर्य

सूर्य नमस्कार से शुरुआत
मनुष्य को अपनी दिन की शुरुआत सूर्य नमस्कार से करना चाहिए। सूर्य नमस्कार के अलावा योगासन और अन्य व्यायाम भी जरूरी है। प्रतिदिन 40 से 50 मिनट पैदल चलना जरूरी है। इससे शरीर में इम्युनिटी बढ़ती है। शरीर को स्वस्थ एवं तंदुरुस्त बनाने के लिए व्यायाम बहुत जरूरी है जो लोग नियमित रूप से व्यायामशाला जाते हैं वह स्वस्थ रहते हैं और बीमारियां उनसे दूर ही रहती है।– अजय विपट

योग और ध्यान वर्तमान समय में बहुत ही उपयोगी
वर्तमान समय में जहां बच्चे ऑनलाइन शिक्षा के लिए मोबाइल एवं लैपटॉप का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं युवा इन साधनों के माध्यम से अपने समस्त कार्यो को संपादित कर रहे हैं। ऐसे दौर में जब वो लगातार स्क्रीन के सामने हैं, मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहे हैं और कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रसित भी हो रहे हैं। ऐसे में योग एवं ध्यान इन सभी समस्याओं एवं तनाव को दूर करने में बहुत सहायक सिद्ध हुआ है। योग एवं ध्यान के साथ प्राणायाम भी आज के समय की आवश्यकता बन गया है।– एस जौहरी

सात्विक भोजन अपनाएं
हमें सात्विक भोजन अपनाना जरूरी है। यदि सात्विक भोजन अपनाते हैं तो कोरोना संक्रमण सहित अन्य बीमारियां दूर रहती हैं। प्रत्येक व्यक्ति को मॉर्निंग वॉक के साथ व्यायाम करना चाहिए इससे शरीर की इम्युनिटी बढ़ती है। सात्विक भोजन करने एवं स्वस्थ जीवन अपनाने से मनुष्य को किसी प्रकार की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता है। यह बात पूरी तरह से सही है, जो लोग सात्विक भोजन करते हैं उनमें से ज्यादातर लोगों को कोरोना की बीमारी नहीं हुई है। मेरा तो सभी से यही कहना है प्रतिदिन व्यायाम करें। यह जीवन के लिए बहुत जरूरी है।– रवि प्रकाश लंगर

Share This Article