ओवरटेक करने पर 60 बारातियों से भरी बस पलटी, 18 घायल

खाचरौद से इंदौर जा रही थी घायलों को अस्पताल पहुंचाया
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंगोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जहांगीरपुर के पास शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां खाचरौद से इंदौर जा रही बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें सवार 60 लोगों में से 18 घायल हो गए। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क निर्माण का काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास में बस चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाया जिससे बस पलटी खा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। सभी घायलों को तत्काल इंगोरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां सीएमएचओ, एसडीएम, एसडीओपी, बीएमओ, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे। इंगोरिया टीआई दीपेश व्यास भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया जहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर स्थिति के चलते 8 घायलों को उज्जैन रैफर किया गया है जिनमें से 2 को हेड इंजरी बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। बस में सवार लोगों चीखे-चिल्लाने लगे। इसके बाद आसपास के लोग वहां पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए।
घायलों में 12 महिलाएं
हादसे में कुल 18 बाराती घायल हुए हैं जिनमें 1२ महिलाएं, ५ बच्चे और 1 पुरुष शामिल है। इनमें से 8 घायलों को उज्जैन रैफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज खाचरौद के अस्पताल में चल रहा है। घायलों में अलीना, गुलब शाह बी, नौशाद बी, सना बी, शिफा, फिरदौस, शबाना, परवेज, आलिया, सलमा बी, राबिया, सबा आलिया, शाहनवाज, नाहरो बी, मुस्कान, रानी, सबा बी शामिल हैं।
इनका कहना
सूचना मिलते ही हम 10 मिनट में घटनास्थल पहुंच गए थे। इसके बाद घायलों को बाहर निकाल एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। बस को जेसीबी की मदद से हटाकर देखा कि कहीं लोग दबे तो नहीं। फरियादी मो. शेरू हुसैन पिता मजीद निवासी खाचरौद की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। उसकी तलाश जारी है।
दीपेश व्यास, टीआई, थाना इंगोरिया









