पुलिस तलाश रही थी ठगी के बदमाश को अहमदाबाद में चोरी का आरोपी गिरफ्तार

सख्ती से पूछताछ में किया खुलासा अहमदाबाद पुलिस ले गई

उज्जैन। ढांचाभवन के नजदीक जीरो पॉइंट ब्रिज रोड के पास घूम रही वृद्धा के साथ पिछले दिनों हुई ठगी के आरोपियों को देवासगेट पुलिस तलाश रही थी कि उनकी गिरफ्त में अहमदाबाद में चोरी कर फरार हुआ चोर आ गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने खुलासा किया जिसके बाद अहमदाबाद पुलिस उज्जैन आकर उसे अपने साथ ले गई।
टीआई अनिला पाराशर ने बताया वृद्धा राजूदेवी बागरवाल के साथ हुई ठगी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए देवासगेट पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्चिंग के साथ सीसीटीवी फुटेज देख रही थी। इसी बीच रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल प्रीति के पास संदिग्ध युवक मोबाइल पर बात करत दिखाई दिया।
संदेह के आधार पर उक्त युवक से पूछताछ की गई तो उसने होटल में काम की तलाश में आना बताया। उसकी भाषा और हावभाव संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे थाना लाकर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मोहम्मद हसनैन पिता मोहम्मद हुसैन (18) निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अहमदाबाद (गुजरात) में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
जहां काम करता था, वहीं चोरी
आरोपी मोहम्मद हसनैन ने बताया कि वह अहमदाबाद में इजहार सैय्यद की सोडा शॉप पर काम करता था जहां से उसने मालिक की एक्टिवा व आईफोन चोरी चुराए और फरार हो गया। चोरी की गई एक्टिवा उसने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी करना बताया। इसके बाद टीआई पाराशर ने अहमदाबाद पुलिस से संपर्क किया जहां से आरोपी मोहम्मद हसनैन के खिलाफ संबंधित थाने में चोरी का केस दर्ज होने की जानकारी मिली। अहमदाबाद पुलिस आरोपी को अभिरक्षा में लेकर चली गई।









