जबलपुर: दो गुट आपस में भिड़े पथराव, फायरिंग की भी सूचना

1 घायल अस्पताल में, 3 थानों की पुलिस फोर्स तैनात
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जबलपुर। होली के मौके पर बुधवार रात छोटी ओमती इलाके में दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से पथराव भी हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रवियों को खदेड़ दिया। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
बताया जा रहा है कि भीड़ में से किसी ने गोली भी चलाई है। मौके पर बेलबाग, हनुमानताल और कोतवाली की पुलिस फोर्स मौजूद है। पथराव का वीडियो भी सामने आया है। छोटी ओमती में रहने वाले गब्बू सोनकर ने कहा- हम लोग कदम तलैया के रहने वाले हैं। होली खेलने के बाद रात को बाहर बैठे हुए थे।
इसी दौरान अप्पा सोनकर, अंशुल सोनकर और राकेश खटीक मौके पर पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए हमारे साथ बैठे आयुष से विवाद करने लगे। हमने आपत्ति जताई तो मारपीट शुरू कर दी। हमने भी बचाव किया। उनमें से किसी एक ने फायर भी किया। झगड़े में आयुष को चोट आई है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सीएसपी सोनू कुर्मी का कहना है कि दोनों ही पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।










