स्कॉर्पियो की टक्कर से 5 लोगों की मौत

ग्वालियर। परशुराम चौराहे पर स्कॉर्पियो ने ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे सहित चार लोग घायल हैं। वहीं गंभीर हेड इंजरी की वजह से ऑटो ड्राइवर की हालत भी नाजुक है। हादसा शुक्रवार तड़के 3 बजे उस समय हुआ, जब ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो नीम के पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतकों और घायलों की पहचान
घटना में जान गंवाने वालों में इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), उनकी पत्नी लीला (52), उनके बेटे शुभम उर्फ लाली (30), शुभम की पत्नी शगुन और शुभम की सास प्रीति कश्यप (60) शामिल हैं। घायलों में शुभम की बहन प्रीति (20), दो बच्चे प्रियांश (5) और आरव (6) और ऑटो ड्राइवर राजेश कुमार (28) शामिल हैं। राजेश कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
एसपी धर्मवीर यादव के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक अमन शर्मा का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है। थाटीपुर थाना पुलिस ने एमपी 21 जेड ई 5911 नंबर की स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन के आगे का कांच टूट चुका है और सभी एयरबैग खुल चुके हैं।









