जयपुर की श्रद्धालु का बैग चोरी, महिला का आरोप पुलिस ने गुम होने के आवेदन लिए

उज्जैन। एक ओर पुलिस कप्तान अपने मातहतों को बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अच्छे व्यवहार की सीख देते हैं और उनकी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हैं लेकिन जब श्रद्धालु पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचते हैं तो उन्हें परेशान होना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला रविवार को जयपुर की महिला श्रद्धालु व उनके परिवार के साथ हुआ। सिद्धवट पर पूजन के दौरान उनका पर्स चोरी हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह भैरवगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचीं तो पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज ना करते हुए पहले पर्स गुम होने का, फिर पर्स नहीं मिलने का सहित अलग-अलग आवेदन लिए।
दरअसल, जयपुर (राजस्थान) के बापूनगर की रहने वाली बिमला बंसल (67) अपने परिवार के साथ दर्शन के लिए उज्जैन आई थीं। उन्होंने बताया रविवार सुबह 11 बजे सिद्धवट पर पूजन के दौरान पास में रखा उनका पर्स कोई चुरा ले गया। उसमें आईफोन, सेमसंग फोन, उनका व बेटे निहार बंसल का आधार कार्ड, तीन क्रेडिट कार्ड और करीब एक लाख रुपए नकद थे। जब पर्स का कुछ पता नहीं चला तो वह भैरवगढ़ थाने पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय पुलिस ने पहले गुम होने का, फिर पर्स नहीं मिलने का आवेदन लिया। मोबाइल के लिए भी दो अलग-अलग आवेदन लिए गए। इस तरह कुल चार आवेदन लिए गए।
दर्शन किए बिना लौटा परिवार
श्रद्धालु बिमला बंसल देव दर्शन की आस लिए उज्जैन आई थीं लेकिन यहां चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाने में ही उनका समय बर्बाद हो गया। शाम को फ्लाइट होने से वह परिवार सहित बिना दर्शन किए ही लौट गया।
इनका कहना: महिला श्रद्धालु की शिकायत पर तत्काल फोर्स रवाना किया था। इसके अलावा आसपास तलाश भी की गई लेकिन फिर पता चला कि श्रद्धालु एवं उनका परिवार वापस लौट गया है। उन्हें कार्रवाई करवाने के लिए बुलाएंगे, वह जब भी आएंगी तब कार्रवाई की जाएगी।
– शैलेंद्र राजावत, टीआई, थाना भैरवगढ़









