तबीयत बिगड़ने की खबरों पर रतन टाटा का बयान

टाटा संस के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा ने अपनी तबीयत को लेकर बयान जारी किया है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में जांच के बाद टाटा की ओर से कहा गया है कि वे ठीक हैं। और रूटीन जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे। रतन टाटा ने एक्स पर पोस्ट किए गए अपने बयान में कहा कि अपनी तबीयत से जुड़ी अफवाहों की जानकारी मुझे है।
मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि ये सभी दावे गलत हैं। इस समय उम्र संबंधी चेक अप्स और उससे जुड़ी दूसरी मेडिकल कंडीशन की जांच करवा रहा हूं। आपके चिंतित होने की कोई वजह नहीं है। मैं ठीक हूं और पब्लिक के साथ मीडिया से अपील है कि किसी भी तरह की अफवाहों से बचें।
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक रतन टाटा को रात के 12.30 से 1 बजे के बीच अस्पताल ले जाया गया। खबरों के मुताबिक टाटा के ब्लड प्रेशर में गिरावट देखी गई थी। टाटा को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। इसके बाद ही सोमवार की दोपहर टाटा की ओर से बयान जारी किया गया।
बता दें कि रतन टाटा की उम्र 86 साल है। उन्हें आईसीयू वार्ड में रखा गया है। जाने माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ शाहरुख अस्पी गोलवाला के नेतृत्व में इंटेंसिव केयर स्पेशलिस्ट की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। रतन टाटा ने बयान जारी करते हुए कहा कि मेरे बारे में सोचने के लिए आप सबका शुक्रिया।









