धार:पति की हत्या कर लूट का ड्रामा, पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, 1 लाख में दोस्त को दी सुपारी

प्रियंका ने थाना राजोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने रात में उसके पति देवकृष्ण की धारदार हथियार से हत्या कर दी

अक्षरविश्व न्यूज|धार। गोंदीखेड़ा चारण में हुई डकैती का राज खुल गया है। इस राजफाश ने पति-पत्नी के रिश्तों की डोर को तोड़ कर रख दिया। सभी अवाक हैं। पत्नी अपने प्रेमी के लिए ऐसा भी कर सकती है। यही वाक्य गांव की चौपाल पर चल रहा है।
7 अप्रैल को गोंदीखेड़ा चारण निवासी प्रियंका पुरोहित ने थाना राजोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने रात में उसके पति देवकृष्ण की धारदार हथियार से हत्या कर दी और उसे बंधक बनाकर घर से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूट ले गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। इंदौर ग्रामीण जोन के आईजी अनुराग, डीआईजी मनोज कुमार सिंह और एसपी धार मयंक अवस्थी के निर्देशन में एएसपी पारुल बेलापुरकर और एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई।
पुलिस ने मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम की मदद से जांच की। जांच के दौरान कहानी में कई झोल सामने आए, जिससे शक मृतक की पत्नी प्रियंका पर गया।
जब महिला पुलिस की मौजूदगी में प्रियंका से सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो उसने सारा सच उगल दिया। उसने बताया कि उसका राजगढ़ निवासी कमलेश पुरोहित के साथ प्रेम संबंध था और पति से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
कमलेश ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने दोस्त सुरेन्द्र निवासी छण्डावद को 1 लाख रुपए देकर हत्या करवाने की योजना बनाई थी और वारदात को लूट का रूप देने की पूरी साजिश पहले से तय थी।फिलहाल पुलिस ने प्रियंका और कमलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी रखी है, जबकि फरार आरोपी सुरेन्द्र की तलाश की जा रही है। लूटे गए सोने-चांदी के जेवर घर में ही छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें बरामद करने की कार्रवाई जारी है। इस लोमहर्षक हत्याकांड से गांव के लोग स्तब्ध हैं।
इनका रहा सराहनीय कार्य
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजोद निरीक्षक रामसिंह राठौर, थाना प्रभारी तिरला निरीक्षक ज्योति पटेल, थाना प्रभारी सरदारपुर निरीक्षक अनिल जाधव, थाना प्रभारी राजगढ़ निरीक्षक समीर पाटीदार और थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना, उपनिरीक्षक हिना जोशी, चौकी प्रभारी रिंगनोद उपनिरीक्षक गुलाब भयडिय़ा, सहायक उपनिरीक्षक पीएस डामोर, सुनील राजपूत, रमेशचंद्र भाभर, प्रधान आरक्षक अर्जुनसिंह, विपिन कटारा तथा आरक्षक दिलीप, अंकित रघुवंशी, महेंद्र, विक्रम अहिरवार, लालसिंह, वेलसिंह, राकेश, करण और महिला आरक्षक रमिला पचाया, सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक प्रशांत गुंजाल के नेतृत्व में सायबर सेल धार की टीम प्रधान आरक्षक सर्वेशसिंह सोलंकी, बलराम भंवर तथा आरक्षक प्रशांत सिंह चौहान, रोहित नरगावे, मनीष पाल और शुभम शर्मा की अहम भूमिका रही।









