प्रधानमंत्री मोदी बोले- टीएमसी के पापों का घड़ा अब भर चुका

तिरुवनंतपुरम/कोलकाता, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में चुनावी सभा में कहा कि टीएमसी के पापों का घड़ा भर चुका है और अब जनता बदलाव चाहती है। चुनाव के बाद भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा।
मोदी ने कहा- 1905 में मजहबी ताकतों ने बंगाल में लाल इश्तेहार जारी किया था, जिसके बाद हिंदुओं का नरसंहार हुआ था। टीएमसी उसी की याद दिलाना चाहती है। एक खास मजहब के लोग बंगाल में हिंदुओं का रहना मुश्किल कर देंगे। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में लोकतंत्र कमजोर हुआ है।
संवैधानिक संस्थाओं की अनदेखी की जा रही है। मोदी ने कहा कि एक ओर टीएमसी के करप्शन का भय है तो दूसरी तरफ विकास को रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा है। एक और टीएमसी के घुसपैठ कराने का भय है तो दूसरी ओर घुसपैठियों को भगाने वाली भाजपा पर भरोसा है। तृणमूल कांग्रेस की सरकार में बंगाल की डेमोग्राफी में भयंकर बदलाव आया है। इन घुसपैठियों को टीएमसी का समर्थन है। हमारी सरकार उन्हें चुन-चुनकर बाहर कर रही है।









