Advertisement

बीवाईडी की पहली प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी जल्द दे सकती है दस्तक, 1000 किमी तक रेंज की चर्चा

चीनी वाहन निर्माता बीवाईडी भारतीय बाजार में एक नया अध्याय शुरू करने जा रही है। कंपनी 9 जून को अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी लॉन्च करने वाली है। अब तक भारत में केवल इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री करने वाली बीवाईडी पहली बार हाइब्रिड तकनीक के साथ एंट्री करने जा रही है। कंपनी ने हाल ही में जारी किए गए टीजर में पुष्टि की है कि नई एसयूवी में उसकी लोकप्रिय डीएम-आई सुपर प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि मॉडल के नाम का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है, लेकिन ऑटो इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा चर्चा एटो 2 और सीलायन 6 को लेकर हो रही है।

 

Advertisement

एटो 2 बन सकती है क्रेटा सेगमेंट की नई चुनौती

यदि बीवाईडी एटो 2 को भारत में पेश करती है तो यह मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में सीधे मुकाबले के लिए उतरेगी। इसमें 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ दो बैटरी विकल्प मिलने की संभावना है। छोटे बैटरी पैक वाला मॉडल 166 हॉर्सपावर की ताकत देगा, जबकि बड़े बैटरी पैक वाला संस्करण 212 हॉर्सपावर तक की पावर पैदा कर सकता है। कंपनी का दावा है कि फुल टैंक और फुल चार्ज के साथ इसकी कुल ड्राइविंग रेंज लगभग 928 से 998 किलोमीटर तक पहुंच सकती है। वहीं केवल बैटरी मोड में यह करीब 39 किलोमीटर तक चल सकती है।

सीलायन 6 में मिल सकती है 1,000 किलोमीटर से ज्यादा रेंज

अगर कंपनी भारतीय बाजार में अधिक प्रीमियम विकल्प पेश करती है तो सीलायन 6 सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है। यह आकार और फीचर्स के मामले में एटो 2 से बड़ी एसयूवी है। इसके फ्रंट-व्हील ड्राइव वेरिएंट में 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 18.3kWh और 26.6kWh बैटरी विकल्प मिल सकते हैं। यह सेटअप 218 हॉर्सपावर तक की ताकत देगा और केवल इलेक्ट्रिक मोड में 140 किलोमीटर तक चलने में सक्षम हो सकता है।

Advertisement

ऑल-व्हील ड्राइव वेरिएंट में मिलेगी दमदार परफॉर्मेंस

सीलायन 6 के ऑल-व्हील ड्राइव संस्करण में 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है, जो इलेक्ट्रिक मोटर के साथ मिलकर 344 हॉर्सपावर तक की ताकत पैदा करेगा। यह मॉडल केवल बैटरी की मदद से 128 किलोमीटर तक चल सकता है। वहीं फुल टैंक और फुल चार्ज होने पर इसकी कुल रेंज 1,092 किलोमीटर तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है, जो इसे लंबी दूरी के सफर के लिए बेहद आकर्षक बनाती है।

क्या होती है प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक?

प्लग-इन हाइब्रिड वाहन ऐसी तकनीक पर आधारित होते हैं जिनमें पेट्रोल इंजन और बैटरी दोनों का इस्तेमाल किया जाता है। इन्हें सामान्य इलेक्ट्रिक कार की तरह चार्ज किया जा सकता है, जबकि बैटरी खत्म होने पर पेट्रोल इंजन वाहन को आगे बढ़ाता रहता है। यही वजह है कि इनमें रेंज की चिंता काफी हद तक खत्म हो जाती है और ईंधन की बचत भी होती है।

Advertisement

9 जून पर टिकी हैं ऑटो इंडस्ट्री की निगाहें

बीवाईडी का यह लॉन्च भारतीय हाइब्रिड वाहन बाजार में बड़ा बदलाव ला सकता है। कंपनी किस मॉडल को भारत में उतारती है और उसकी कीमत क्या रखती है, इस पर ऑटो सेक्टर की नजरें टिकी हुई हैं। यदि कंपनी प्रतिस्पर्धी कीमत के साथ लंबी रेंज वाली हाइब्रिड एसयूवी पेश करती है तो यह मौजूदा खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें