यूपी-बिहार जाने वाली 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े

समर वेकेशन में यात्रियों को सौगात, जुलाई तक बढ़ाई ट्रेनें

उज्जैन। रेलवे ने समर वेकेशन में यात्रियों को भीड़ से बचाने के लिए यहां से गुजरने वाली 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे जून व कुछ के अगस्त तक बढ़ाए हैं। जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस विस्तार से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
अहमदाबाद-दरभंगा और गांधीधाम-भागलपुर सेवा जून तक जारी
ट्रेन संख्या 09465 अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल अब 26 जून तक हर शुक्रवार को अहमदाबाद से चलेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 09466 दरभंगा से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। इसी प्रकार, गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल (09451) अब 26 जून तक गांधीधाम से और भागलपुर-गांधीधाम (09452) 29 जून तक भागलपुर से अपनी सेवाएं प्रदान करती रहेगी।
इन दोनों ट्रेनों की समय-सीमा मार्च में समाप्त हो रही थी, जिसे अब तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया है।
अयोध्या कैंट-उधना के फेरों की संख्या बढ़ी
अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए दो अलग-अलग विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं। ट्रेन संख्या 09093 उधना-अयोध्या कैंट स्पेशल अब 31 जुलाई तक प्रति शुक्रवार और ट्रेन संख्या 09097 उधना-अयोध्या कैंट स्पेशल 28 जुलाई तक प्रति मंगलवार को चलेगी। इन ट्रेनों की वापसी सेवाएं भी क्रमश: अगस्त के पहले सप्ताह और जुलाई के अंत तक जारी रहेंगी, जिससे यात्रियों को गर्मी के पूरे सीजन में कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी।
मुंबई सेंट्रल से कटिहार और बनारस के लिए अब जुलाई अगस्त तक सुविधा
मुंबई सेंट्रल से कटिहार (09189) जाने वाली स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ाकर 01 अगस्त तक कर दी गई है। वापसी में कटिहार – मुंबई सेंट्रल स्पेशल (09190) 28 जुलाई तक चलेगी। इसके साथ ही, मुंबई सेंट्रल – बनारस स्पेशल (09183) अब 29 जुलाई तक हर बुधवार को रवाना होगी और बनारस-मुंबई सेंट्रल (09184) का परिचालन 31 जुलाई तक प्रति शुक्रवार को किया जाएगा। रेलवे के इस निर्णय से लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, जो पहले से ही समर वेकेशन की प्लानिंग कर रहे हैं।









