रीगल टॉकीज की जगह ओपन सेंट्रल प्लाजा का काम शुरू, खुदाई जारी

25.51 करोड़ में 4 हजार वर्गमीटर में बनना है कॉम्प्लेक्स
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रीगल टॉकीज की जगह करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाले ओपन सेंट्रल प्लाजा का काम शुरू हो गया है। नवंबर 2025 से काम शुरू हुआ था जिसके तहत पहले रीगल टॉकीज की पुरानी बिल्डिंग को तोड़ा गया। इसके बाद अब खुदाई काम तेजी से किया जा रहा है।
ऐसा होगा प्रस्तावित निर्माण
- 1263 वर्गमीटर में ओपन प्लाजा बनेगा
- एल-शेप कॉम्प्लेक्स में बेसमेंट और दो मंजिल
- भूतल पर 28 दुकानें, पहली पर 8 दुकानें व 9 शोरूम/ ऑफिस
- दो बेसमेंट में 92 कार और 200 बाइक पार्किंग की सुविधा
दरअसल, इंदौर की श्यामा डेवलपर्स कंपनी इसका निर्माण कर रही है। 25.51 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए नगर निगम ने समयसीमा भी निर्धारित की गई है। इस प्रोजेक्ट के तहत 1263 वर्गमीटर में ओपन प्लाजा बनेगा। एल-शेप कॉम्प्लेक्स में बेसमेंट और दो मंजिल बनेंगी। भूतल यानी ग्राउंड फ्लोर पर 28 दुकानें, पहली मंजिल पर 8 दुकानें व 9 शोरूम/ऑफिस रहेंगे। इसके अलावा दो बेसमेंट में 92 कार और 200 बाइक पार्किंग की सुविधा रहेगी। इससे गोपाल मंदिर और छत्री चौक सहित आसपास के क्षेत्रों की यातायात संबंधी परेशानी भी खत्म हो सकेगी। आपको बता दें कि प्रोजेक्ट की डीपीआर वर्ष 2023 में बनी थी।
लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी
पुराना नगर निगम और रीगल टॉकीज की जमीन को वापस लेने में नगर निगम को सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लडऩा पड़ी। रीगल टॉकीज की जमीन का मामला सालों से कोर्ट में चल रहा था। यहां करीब 19 दुकानें भी लगती थीं। रीगल टॉकीज को डिस्मेंटल का ठेका 2004-05 में जबलपुर की एमएस ट्रेडिंग कंपनी को दिया था लेकिन कंपनी ने सही काम नहीं किया। जिसके चलते कंपनी को ब्लैक लिस्टेड कर दिया लेकिन कंपनी कोर्ट चली गई और जमीन भी कोर्ट में ही उलझ गई। सालों बाद नगर निगम के पक्ष में फैसला आया और अब 20 साल बाद इस जमीन का उपयोग हो रहा है।









