Advertisement

सत्य पर न चढ़े झूठ का आवरण

कौन समझेगा जीवन की ये व्याकरण
सत्य पर ना चढ़े झूठ के आवरण

Advertisement

सत्य है शाश्वत इसका आधार है
झूठ का हो रहा फिर भी विस्तार है
सत्य विचलित नहीं और विभाजित नहीं
सत्य पर सत्य का सिर्फ अधिकार है
सत्य निष्ठा से कर सत्य के आचरण
सत्य पर ना चढ़े झूठ के आवरण

पूर्ण निष्ठा लगन से किया काम है
आत्मबल, शुद्ध निष्ठा का परिणाम है
भक्ति करले मधुर
शक्ति भरले प्रचूर
उच्च निष्ठा मे रत कर्म निष्काम है
श्रेष्ठ निष्ठा से कर सत्य के जागरण
सत्य पर ना चढ़े झूठ के आवरण

Advertisement

राह पर जो चले सिर्फ ईमान की
कद्र होती सदा ऐसे इंसान की
कर्म ईमान हो मर्म ईमान हो
करने लगता है रक्षा ये स्वाभिमान की
इस को सबसे सुरक्षित रखो आमरण
सत्य पर ना चढ़े झूठ के आवरण

धर्म पर जो चलोगे झुकोगे नहीं
आए कितनी ही विपदा डरोगे नहीं
धर्म से पल्लवित हो ये पावन धरा
धर्म पथ से विमुख फिर रहोगे नहीं
धर्म की ले ध्वजा प्रभु की आ जा शरण
सत्य पर ना चढ़े झूठ के आवरण

Advertisement

सकारात्मक सोच उत्पन्न हो
सादगी नम्रता प्रेम आसन्न हो
संस्कारित रहे सुविचारित रहे
मानवीय मूल्य जीवन में प्रतिपन्न हो
पुण्य कर ले जमा ना करो आहरण
सत्य पर ना चढ़े झूठ के आवरण

कौन समझेगा जीवन की यह व्याकरण
सत्य पर ना चढ़े झूठ के आवरण

-प्रोफेसर रवि नगाइच

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें