वैदिक घड़ी एप और महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल का लोकार्पण, वीर भारत संग्रहालय का भूमिपूजन भी
शिप्रा नदी पर बनेगा सबसे बड़ा मंच, कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ देखी तैयारी
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। 125 दिवसीय विक्रमोत्सव के अंतर्गत नव विक्रम संवत (30 मार्च) पर शिप्रा नदी में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के आने की संभावना बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के अनुसार तैयारी शुरू कर दी है। शिप्रा नदी पर बनने वाले मंच का पूजन भी शुरू कर दिया गया है, जहां समारोह होगा।
इस बार मंच अब तक का सबसे बड़ा होगा और राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते बनाया जाएगा। राष्ट्रपति वैदिक घड़ी के नए एप और महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल का लोकार्पण कर सकती हैं। कोठी पैलेस पर वीर भारत संग्रहालय का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है। राष्ट्रपति का तय कार्यक्रम अभी प्रशासन को नहीं मिला है, लेकिन संभावना है कि राष्ट्रपति दूसरी बार शहर आएंगी और इस बार ज्यादा समय देंगी।
80 फीट लंबा होगा मंच, रामघाट और दत्त अखाड़ा पर वीआईपी मंच
मुख्य समारोह के लिए शुक्रवार से मंच निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। यह काम दीपक शर्मा को सौंपा गया है। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने विक्रमादित्य शोधपीठ निदेशक श्रीराम तिवारी, निदेशक और पुराविद् डॉ. रमण सोलंकी, नरेश शर्मा आदि के साथ मंच निर्माण का पूजन किया।
मंच अब तक का सबसे बड़ा होगा। यह 40 फीट चौड़ा और 80 फीट लंबा होगा। इसे छोटी रपट पर शिप्रा नदी पर बनाया जाएगा। समारोह में एक हजार ड्रोन से शो प्रस्तुत किया जाएगा। इस दौरान भगवान शिव और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्न सहित आध्यात्मिक दृश्य आसमान में दिखाए जाएंगे।
विक्रम विवि के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
राष्ट्रपति मुर्मू कार्यक्रम के दौरान विक्रम विश्व विद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी सम्मिलित होंगी। शुक्रवार को कलेक्टर सिंह ने इसकी तैयारी भी देखी और लाइब्रेरी के सामने मैदान में इसके आयोजन का निर्देश दिया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भी मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।
महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल में रुकेंगी राष्ट्रपति!
राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत महराजवाड़ा हेरिटेज होटल का लोकार्पण भी शामिल है। प्रशासन ने इसका भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए गए हैं कि होटल के प्रेसिडेंशियल सूट में ही उन्हें विश्राम भी कराया जाए। होटल में इसके लिए प्रेसिडेंशियल सूट में खास तैयारियां करने का भी निर्देश दिया गया है।