16 घंटे बाद दुबई में फिर धमाके… ईरान-इजराइल जंग जंग में हिजबुल्लाह भी शामिल, अमेरिका का फाइटर जेट क्रैश

ईरान ने जवाब में इजराइल समेत 9 देशों में अमेरिकी बेस पर हमले किए
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बमबारी में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे
1000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए ईरान में…
तेल अवीव/तेहरान। इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग के तीसरे दिन कुवैत में अमेरिका का एक फाइटर जेट क्रैश हो गया है। वहीं, दुबई में दोबारा धमाकों की खबरें सामने आईं। 16 घंटे पहले दुबई के पोर्ट और बुर्ज खलीफा के पास हमला हुआ था। इस जंग में अब लेबनान का उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह भी शामिल हो गया है। उसने इजराइल में कई जगहों पर बमबारी की है। इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग में अब तक ईरान के 1000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए हैं। इस दौरान शुरुआती 30 घंटे में 2000 से ज्यादा बम गिराए गए। ईरान ने भी मिसाइल से ९ देशों में हमले बोले हैं।
तेहरान पर हमले और तेज होंगे: नेतन्याहू
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि आने वाले दिनों में तेहरान पर हमले और तेज होंगे। वहीं, ईरान ने जवाब में इजराइल समेत 9 देशों में अमेरिकी बेस पर हमले किए हैं। 28 फरवरी को शुरू हुई इस लड़ाई के पहले दिन हुई बमबारी में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे। लेबनान के उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह ने इजराइल में कई जगहों पर बमबारी की है।
अमेरिका से बातचीत नहीं करेंगे : ईरान
ईरान के टॉप नेशनल सिक्योरिटी अधिकारी अली लारीजानी ने कहा है कि ईरान अमेरिका से कोई बातचीत नहीं करेगा। उन्होंने यह बयान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिया। यह बयान उन खबरों के जवाब में आया है, जिनमें कहा गया था कि ईरान ने अमेरिका से फिर से बातचीत शुरू करने की कोशिश की है। लारिजानी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर भी तंज कसा है।
ईरान में 200 की मौत, 740 घायल- इजराइल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया है। इनमें अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
ट्रम्प बोले- ईरान के साथ जंग 5 हफ्ते तक चल सकती है
ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही लड़ाई 5 हफ्ते तक चल सकती है। पहले उन्होंने कहा था कि जंग करीब चार हफ्ते चलेगी। अब उनका कहना है कि यह चार या पांच हफ्ते चल सकती है। ट्रम्प ने बताया कि अमेरिका ने ईरान में मौजूदा लीडरशिप की जगह लेने वाले कुछ लोगों को टागरेट किया था। ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के पहले दो दिनों में ही वे सभी मारे गए।
प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की जाएगी
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक ईरान में लोगों को रविवार सुबह रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नंबर से टेक्स्ट मैसेज भेजे गए। इसमें उन्हें सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने से मना किया गया। मैसेज में लिखा था, कोई भी ऐसा कदम जो सुरक्षा व्यवस्था में परेशानी पैदा करेगा, उसे दुश्मन की मदद करना माना जाएगा। उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
लेबनान के राष्ट्रपति ने आलोचना की
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने इजराइल और हिज्बुल्लाह दोनों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि लेबनान की जमीन से हिज्बुल्लाह का इजराइल पर हमले करना ठीक नहीं है। इससे लेबनान को बड़े युद्ध में घसीटा जा सकता है। राष्ट्रपति ने इजराइल के लेबनान पर हमलों की भी आलोचना की और कहा कि यह गलत है।
जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में कफ्र्यू जैसे हालात, पाकिस्तान में 23 मौत
श्रीनगर। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के विरोध में सोमवार को पाकिस्तान के कब्जे वाला जम्मू-कश्मीर में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है। गिलगित-बाल्टिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने यूनाइटेड नेशंस के ऑफिस में आग लगाई है, जिसमें गिलगित में यूनाइटेड नेशंस डेवलपमेंट प्रोग्राम का ऑफिस भी शामिल है। वहीं, स्कर्दू में एसपी ऑफिस और कई सरकारी इमारतों में भी आग लगाई गई। प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग की वजह से 7 प्रदर्शनकारी मारे गए, 12 से ज्यादा घायल हैं। यहां पर अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित की गई है। रविवार को पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में खामेनेई की मौत के विरोध में रविवार को हंगामा हुआ था। यहां अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
मोदी ने यूएई प्रेसिडेंट और इजरायल पीएम से बात की
नईदिल्ली। मिडिल ईस्ट के देशों में फंसे भारतीयों और भारत में सुरक्षा को लेकर पीएम मोदी ने यूएई प्रेसिडेंट और इजराइल पीएम से बात की है। इस संबंध में पीएम ने रविवार रात सुरक्षा समिति की बैठक भी बुलाई। इसमें वेस्ट एशिया में रहने वाले भारतीयों और फंसे लोगों को निकालने पर चर्चा हुई।










