17 मिनट में दो बारातों में लूट दूल्हे के पिता से झपटा थैला

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात बाइक सवार बदमाशों ने महज 17 मिनट के भीतर दो अलग-अलग बारातों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोनों घटनाएं सीसीटीवी में कैद हुई हैं, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। दोनों घटनाएं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस को आशंका है कि दोनों वारदातें एक ही गैंग ने की हैं।

रात 11:58 बजे बहोड़ापुर स्थित रजवाड़ा पैलेस के सामने बदमाशों ने बारात से अलग खड़े दूल्हे के चाचा कामता प्रसाद श्रीवास (पार्षद बृजेश श्रीवास के पिता) को निशाना बनाया। पल्सर जैसी बाइक पर आए दो बदमाश पीछे से झपट्टा मारकर बैग छीन ले गए। झटका इतना तेज था कि वे सड़क पर मुंह के बल गिर पड़े।
बैग में करीब 50 हजार रुपए, गहने और अन्य सामान था। पहली घटना के 17 मिनट बाद, करीब 12:15 बजे हजीरा के पटेल बारात घर के बाहर दूसरी वारदात हुई। यहां रिटायर्ड फौजी जोगेंद्र सिंह तोमर अपने बेटे की शादी में बैंड वालों को भुगतान करने पहुंचे थे। तभी बाइक सवार बदमाश उनके हाथ से नकदी और बिलों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। बैग में करीब 95 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज थे।








