भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी : उज्जैन आगमन 24-25 नवंबर को, महाकाल दर्शन के बाद सभा

By AV NEWS

अगले वर्ष के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत

उज्जैन।राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तैयारियां चल रहीं है। प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार यात्रा का उज्जैन आगमन 24 नवंबर को होगा। राहुल गांधी भगवान महाकाल के दर्शन-पूजन के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा यात्रा महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बुरहानपुर जिले के इच्छापुर से प्रवेश करेगी।

यात्रा के उज्जैन के प्रभारी और प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने अक्षरविश्व से चर्चा में बताया कि यात्रा का मध्य प्रदेश में बुरहानपुर में ही पहला रात्रि विश्राम होगा। यात्रा मार्ग की निरीक्षण प्लानिंग के लिए राहुल गांधी की टीम मध्य प्रदेश पहुंच गई है। प्रदेश में यात्रा बुरहानपुर, खंडवा, बड़वाह, सनावद, महू, इंदौर, उज्जैन होते हुए आगर मालवा से यह यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। प्रदेश में राहुल गांधी 16 दिन रहेंगे और 382 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे।

सहायक यात्राओं के माध्यम से संदेश

भारत जोड़ो यात्रा और राहुल की यात्रा के माध्यम से पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की तैयारी में सहायक यात्राएं निकाली जाएगी। इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक पदयात्रा करेंगे। गांव और कस्बों में आमजन से संवाद किया जाएगा। कांग्रेस ने 8 पृष्ठ की पुस्तिका भी तैयार की है। इसमें सरकार की असफलता, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, कृषि, महंगाई, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार से संबंधित विषयों को सम्मिलित किया गया है।

रात्रि विश्राम और सभा स्थल पर मंथन
पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा के शेड्यूल के अनुसार यात्रा प्रतिदिन दो सत्र में सुबह 7-10.30 बजे से और दूसरी दोपहर 3.30 बजे से शाम 6.30 बजे तक चल रहीं है। इसमें रोजाना औसतन 2२-2५ किमी का सफर तय हो रहा है। इस मान से यात्रा का उज्जैन आगमन २४-२५ नवंबर को संभावित है। सभा के लिए नानाखेड़ा स्टेडियम, सामाजिक न्याय परिसर और दशहरा मैदान का निरीक्षण कर रखा है। जनसभा की तैयारियों की मॉनीटरिंग उच्च स्तर से हो रही है। शुक्रवार को तकनीकी टीम उज्जैन पहुंची थी। यात्रा को देखने के लिए पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा, पीसी शर्मा और मुकेश नायक शहर आएंगे।

Share This Article