रजिस्ट्री ऑफिस में भीड़… 1 अप्रैल से महंगी होगी प्रॉपर्टी

पंजीयन में अवकाश का लाभ नहीं मिला, सर्वर डाउन से बढ़ी मुसीबत
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:नई गाइड लाइन लागू होने के बाद 1 अप्रैल से जिले में प्रॉपर्टी महंगी हो जाएगी। इसी के चलते रजिस्ट्री ऑफिस में भीड़ लग रही है। वर्तमान कीमत पर अधिक से अधिक रजिस्ट्री होने पर ज्यादा राजस्व की उम्मीद से रजिस्ट्री ऑफिस अवकाश के दिन भी खुला रखा गया,लेकिन इसका लाभ नहीं हुआ। दरअसल सर्वर डाउन से मुसीबत बढ़ गई और पंजीयन कार्य प्रभावित हुआ
जिले में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। प्रॉपर्टी के सरकारी रेट यानी कलेक्टर गाइडलाइन बढ़ जाएगी। नई गाइडलाइन लागू होने से पहले पुराने रेट पर ही रजिस्ट्री कराने वालों की रजिस्ट्रार ऑफिस में भीड़ लगी हुई है। यहां हर रोज १०० से 150 रजिस्ट्री हो रही है, लेकिन डाउन सर्वर भी मुसीबतें बढ़ा रहा है।
ऑफिस खुलेंगे पर रजिस्ट्री प्रभावित
रजिस्ट्रार ऑफिस छुट्टी वाले दिन भी खोला गया। शनिवार को ऑफिस खुले रहे और लोग रजिस्ट्री कराने पहुंचे। हालांकि, यहां पर पिछले 3 दिन से सर्वर डाउन है। इस वजह से 15 मिनट की जगह एक से डेढ़ घंटा रजिस्ट्री कराने में लग रहा है। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा। 31 मार्च तक रजिस्ट्रार ऑफिस लगातार खुले रहेंगे। हालांकि, सर्वर डाउन होने की वजह से लोगों को परेशानी भी हो रही है।









