डकैती की योजना बनाने वाले पारदियों ने कबूली दो चोरियां

पुलिस ने दो दिन की रिमांड पर लेकर शुरू किये माल बरामदगी के प्रयास
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन चिमनगंज थाना पुलिस ने कल लूट की योजना बनाने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर इनके पास से चाकू, सरिये, डंडे जब्त किये थे। पुलिस ने बदमाशों को कोर्ट में पेश किया जिनमें तीन पारदियों को चोरी के मामलों में पूछताछ के लिये दो दिन की रिमाण्ड पर पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सोमवार रात 11.30 बजे पंड्याखेड़ी ब्रिज के पास से लूट की योजना बनाने वाले सावन पारदी, राजपाल पारदी, अमन पारदी, विराज पारदी और चंदूल पारदी निवासी मक्सीरोड़ पारदी मोहल्ला पंवासा को गिरफ्तार किया था। उक्त बदमाशों से पुलिस ने चाकू, सरिये और डंडे बरामद किये थे। सभी बदमाश ब्रिज के नीचे छुपकर पेट्रोल पंप पर लूटपाट करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने पकड़ाये बदमाशों की पहचान चोरी के मामलों में बरामद सीसीटीवी फुटेज से की तो पता चला कि पंचक्रोशी मार्ग स्थित तिरूपति सॉलिटर कॉलोनी में एकता द्रोणावत के मकान में हुई चोरी की वारदात को राजपाल पारदी, विराज पारदी और सावन पारदी ने अंजाम दिया था। तीनों ने उक्त चोरी की वारदात कबूली। पुलिस ने पांचों को कोर्ट में पेश कर चोरी की वारदात में शामिल तीनों पारदियों को दो दिन की रिमाण्ड पर लिया है।
अटाला बीनने के बहाने करते थे रैकी
पुलिस ने बताया कि चोरी की वारदात में शामिल तीनों पारदी दिन में कॉलोनी में अटाला बीनने के बहाना घूमते थे और सूने मकानों की रैकी करते थे। उन्हीं मकानों में रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इनके पास से ताला काटने का कटर भी जब्त हुआ है। पुलिस ने बताया कि तिरूपति सॉलिटर कालोनी में ही दूसरी चोरी के मामले में इनके एक साथी कालू पिता सुगनिया पारदी निवासी देवास की तलाश की जा रही है। वहीं पकड़ाये बदमाशों से चोरी का माल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।








