उज्जैन में बनेगा एयरपोर्ट, भारत सरकार ने दी मंजूरी

By AV News 1

चौड़ीकरण में स्वेच्छा से सहयोग करनेे वालों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिया धन्यवाद

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा देवस्थलों के प्रति हमारी आस्था को जोडऩे का संकल्प है। उज्जैन में जल्द ही एयरपोर्ट का निर्माण होगा। इसके लिए भारत सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है। शहर विकास के लिए विभिन्न मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। शहरवासियों ने इस काम में सहयोग का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

केडी मार्ग चौड़ीकरण के लिए स्वेच्छा से धार्मिक स्थलों को पीछे करने वाले उज्जैनवासी धन्यवाद के हकदार है। उक्त बात मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन हेलीपेड पर पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा संचालन के शुभारंभ कार्यक्रम में कही। सीएम ने कहा कि हेली सेवा केवल महाकालेशर और ओंकारेश्वर नहीं है, बल्कि हमारे आस्था के केंद्र ज्योतिर्लिंगों के प्रति देश और दुनिया में स्थित श्रद्धालुओं की आस्था को जोडऩे का संकल्प हैं। उज्जैन में एयरपोर्ट बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा स्वीकृति दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर की विधिवत पूजा अर्चना की।

कान्ह का पानी शिप्रा नदी में नहीं मिलेगा

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि विकास के मामले में उज्जैन नित्य नए आयाम स्थापित कर रहा है। मां शिप्रा शुद्धिकरण के संकल्प को पूरा करने के लिए कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना का भूमिपूजन किया गया। जिसमें बड़े आकार की लाइन के माध्यम से पूरी कान्हा नदी की दिशा बदली जायेगी। जिससे मां शिप्रा में कान्ह का दूषित पानी नहीं आएगा।

सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि उज्जैन को पिछले दो दिनों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगातें मिली हैं। विकास का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास के लिए उज्जैनवासियों ने सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की हैं। केडी मार्ग चौड़ीकरण के लिए स्वेच्छा से धार्मिक स्थलों को पीछे करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उज्जैनवासियों को धन्यवाद दिया।

औद्योगिक विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि लगभग 6000 करोड़ लगत का इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन मार्ग स्वीकृत किया गया है। दूसरी तरफ उज्जैन जावरा मार्ग जिसकी लागत लगभग 5000 करोड़ है, जो शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से लगभग 6000 करोड़ के काम प्रगतिरत हैं। उज्जैन में औद्योगिक विकास का क्रम निरंतर जारी है। विक्रम उद्योगपुरी उज्जैन में लगभग एक हजार एकड़ भूमि उद्योगों के लिए आवंटित की जा चुकी है। इसके अलावा एक हजार एकड़ के लिए और भूमि के लिए प्रस्ताव बनाया गया है। उज्जैन के औद्योगिक विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

महावीर तपोभूमि में गुरु गौतम स्वामी गुरुकुल का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने प्रज्ञासागर महाराज से आशीर्वाद लिया

उज्जैन। महावीर तपोभूमि में गुरु गौतम स्वामी गुरुकुल का शुभारंभ महावीर तपोभूमि प्रणेता आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज के सानिध्य और प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में हुआ। इस अवसर पर सीएम ने आचार्य का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री यादव श्री महावीर तपोभूमि में सर्वप्रथम भगवान महावीर स्वामी के दर्शन किए। आचार्य गुरुदेव प्रज्ञासागर महाराज को श्रीफल समर्पित करते हुए ने आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर आचार्य ने प्रवचन में कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में कुछ ऐसा करके दिखाया जो अविस्मरणीय हैं।

उज्जैन के विकास को नई गति प्रदान करने वाले डॉ मोहन यादव हमेशा साधु संतों के आशीर्वाद एवं भगवान के कार्यों में अग्रणी रहते हैं ऐसे मुख्यमंत्री को बहुत-बहुत आशीर्वाद। इस अवसर पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आज श्रीकृष्ण भगवान की शिक्षस्थली में अपने गुरुकुल जैसी परंपरा डालकर यहां पर छोटे-छोटे बच्चों को शिक्षित कर धर्म के प्रभावों को और अधिक बढऩे का कार्य किया है। आपके आशीर्वाद से यह बच्चे दिन पर दिन तरक्की करेंगे।

गुरुकुल का संचालन बाल बह्मचारी अरुण भैया के निर्देशन में होगा। गुरुकुल में इस सत्र में लगभग 16 बच्चों को प्रवेश दिया जा रहा है, उन सभी बच्चों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक व स्कूली शिक्षा दी जाएगी बच्चे 24 घंटे ही श्री महावीर तपोभूमि पर रहेंगे और वहां के नियमों का पालन करेंगे।

Share This Article