पश्चिमी विक्षोभ के कारण उज्जैन और इंदौर में शाम तक छा सकते हैं बादल, बारिश नहीं होगी

पूर्वी मप्र में हो सकती है बारिश
उज्जैन। लोकल माइश्चर और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण मंगलवार शाम तक बादल छाने की उम्मीद है परंतु बारिश नहीं होगी। हल्की बूंदाबांदी या बौछार की स्थिति बन सकती है। बादल हटेंगे तो रात के तापमान में कमी आएगी परंतु दिन में सूरज की गरमी से तापमान 35 से 36 डिग्री के बीच बना रहेगा। इसमें कमी की संभावना नहीं है, बढ़ोत्तरी हो सकती है। भोपाल स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार मौसम की ठंड नवंबर से ही शुरू हो पाएगी।
पिछले सप्ताह में 13 अक्टूबर से अब तक अधिकतम तापमान 36 से 35 डिग्री के बीच बना हुआ है जो मौसम के सामान्य तापमान से 1.5 डिग्री अधिक है। इसी तरह रात का तापमान 22 डिग्री तक पहुंच गया है जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है। इसलिए गरमी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम अरब सागर के ऊपर बनाा है। इससे संबंधित चक्रवातीय परिसंचरण के कारण इसी क्षेत्र में कम दबाव और बढ़ेगा। इसके उत्तर पूर्व की ओर बढ़ते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर मुडऩे की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उससे लगे पंजाब के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना है दक्षिण पश्चिम राजस्थान से उत्तर पूर्व अरब सागर तक ट्रफ लाइन है। ऊपरी हवा का चक्रवात दक्षिण राजस्थान के ऊपर बना हुआ है। इसी तरह एक ऊपरी हवा का चक्रवात उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना है।
पिछले सप्ताह तापमान
वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक 13 अक्टूबर मंगलवार को उज्जैन शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री था जबकि दर्ज हुआ इस सप्ताह सोमवार 19 अक्टूबर को दिन का तापमान 35 डिग्री और रात का तापमान 21.2 डिग्री दर्ज हुआ। दिन का तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री और रात का तापमान 3.9 डिग्री अधिक है।
गेहूं की बोवनी के लिए ठंड का इंतजार
कृषि विभाग के सहायक संचालक कमलेश राठौड़ ने बताया इस सीजन की 45 प्रतिशत बोवनी हो चुकी है। कुछ किसान गेहूं की बोवनी के लिए तापमान गिरने का इंतजार कर रहे हैं। क्षेत्र में किसान रबी सीजन में मुख्य रूप से गेहूं की बोवनी करते हैं। इस बार बारिश कम हुई है इसलिए किसानों को सलाह दी जाती है कि वे चना, मसूर, सरसों, रायड़ा की बोवनी प्रमुख रूप से करें।
सात दिनों तक तापमान की स्थिति
| दिनांक | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| 13 अक्टूबर | 19.2 | 36.0 |
| 14 अक्टूबर | 21.0 | 35.8 |
| 15 अक्टूबर | 20.0 | 35.5 |
| 16 अक्टूबर | 21.5 | 35.0 |
| 17 अक्टूबर | 21.5 | 35.2 |
| 18 अक्टूबर | 22.0 | 36.0 |
| 19 अक्टूबर | 21.2 | 35.0 |









