सिंहस्थ से पहले 400 करोड़ रुपयों से चौड़ी होंगी सड़कें, राशि की कमी

नगर निगम आयुक्त ने शासन को भेजा डिमांड लेटर
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 से पहले शहर की दो दर्जन से ज्यादा सड़कें 400 करोड़ रुपयों से चौड़ी करने की कवायद तो शुरू हो गई है, लेकिन इसकी राह में फंड का रोड़ा बना हुआ है। दो चरणों में चौड़ीकरण की योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। सिंहस्थ में श्रद्धालुओं की भींड़ अधिक आने पर सड़कों पर जाम के हालात न बने, इसके लिए पूरे शहर की 24 छोटी बड़ी सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव नगर निगम ने तैयार कर लिए हैं।
पहले चरण के अंतर्गत 2024-25 में 202.50 करोड़ रुपयों से 12 सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव है। 2025-26 में 199.50 करोड़ की लागत से सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस तरह कुल 402 करोड़ रुपयों से सड़कों का चौड़ीकरण प्रस्तावित है।
नगर निगम ने फिलहाल सिंहस्थ मद से कोठी पैलेस से देवास रोड का चौड़ीकरण शुरू कर दिया है। निगम के सामने सड़कों के चौड़ीकरण का दबाव है, लेकिन राशि नहीं है। निगम आयुक्त आशीष पाठक ने भोपाल में आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास को पत्र भेजकर राशि आवंटन की मांग की है।
45 करोड़ रुपयों से स्वागत द्वार बनाने का प्रस्ताव
सिंहस्थ योजना के तहत शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने का भी प्रस्ताव है। इसके लिए 45 करोड़ रुपए की राशि की मांग शासन से की गई है। शीतल गेस्ट हाउस के पुन: निर्माण के लिए 22.50 करोड़ रुपए की मांग की गई है।









