हैदराबाद में दुर्गा पंडाल में की तोडफ़ोड़, मूर्ति का हाथ तोड़ा

दान पेटी हटाने से प्रतिमा खंडित: पुलिस

अक्षरविश्व न्यूज हैदराबाद। आयोजक जब शुक्रवार सुबह पूजा पंडाल में पहुंचे तो वहां रखा सामान बिखरा हुआ था। हैदराबाद के नामपल्ली में कुछ लोगों ने दुर्गा पूजा पंडाल में तोडफ़ोड़ की। आरोपियों ने दुर्गा देवी का हाथ भी तोड़ दिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह लगी, जब आयोजक पूजा करने पहुंचे।
आयोजकों ने बताया कि गुरुवार रात डांडिया कार्यक्रम होने तक पुलिस वहां मौजूद थी। घटना कितने बजे की है, अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अज्ञात व्यक्तियों ने हुंडी (दान पेटी) को एक तरफ रख दिया, जिससे देवी दुर्गा की मूर्ति का हाथ गिर गया।
देवी शरण नवरात्रि समारोह के हिस्से के रूप में एग्जीबिशन सोसाइटी के रहवासी और कर्मचारी हर साल देवी की मूर्ति बनाते हैं। पुलिस और आयोजकों ने बताया कि आरोपियों ने पंडाल में घुसने से पहले वहां की बिजली काट दी। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इससे घटना के समय का कोई भी फुटेज अभी सामने नहीं आ सका है।









