सिंहस्थ की तैयारी, 8 को भोपाल में होंगे फैसले

अखाड़ों और साधु संतों के स्थाई आश्रम की योजना का हो सकता प्रजेंटेशन

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सुधीर नागर उज्जैन। मध्यप्रदेश सरकार सिंहस्थ 2028 को लेकर एक्शन मोड में आ गई है। प्रदेश के नए मुख्य सचिव (सीएस) अनुराग जैन 8 नवंबर को भोपाल में बड़ी बैठक लेंगे। इसमें प्रस्तावित योजनाओं पर मंथन कर फैसले लिए जाएंगे और हरिद्वार की तर्ज पर अखाड़ों और साधु संतों के स्थाई आश्रम बनाने की योजना का प्रेजेंटेशन दिया जा सकता है।

सिंहस्थ 2028 का आयोजन इस बार मध्यप्रदेश सरकार के लिए प्रतिष्ठा का विषय है। उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गृहनगर है और खुद सीएम सिंहस्थ के आयोजन को लेकर गंभीर हैं। सीएस जैन 8 नवम्बर को इस सिलसिले में एक बड़ी बैठक लेकर अब तक की योजनाओं के बारे में जानेंगे और क्षेत्र में पेयजल सप्लाई की योजना पर भी मंथन करेंगे। शिप्रा नदी को साफ स्वच्छ कर प्रवाहमान करने की कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना के बारे में भी प्रगति जानेंगे। जिन बड़े प्रोजेक्ट को लेकर अड़चनें आ रही हैं, उन पर भी मंथन कर निर्णय लिया जाएगा। फ्रीगंज में नया ओवरब्रिज बनाने के लिए टेंडर हो चुका है, लेकिन टेंडर की मंजूरी अभी अधर में पड़ी हुई है। बैठक में इसको लेकर भी स्थिति साफ होने की संभावना है। विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए भी निर्णय लिए जा सकते हैं।

18 हजार करोड़ के 500 से ज्यादा प्रोजेक्ट

इस बार सिंहस्थ में करीब 14 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। करीब 18 हज़ार 840 करोड़ रुपये की लागत के 523 प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। सडक़, बिजली, पेयजल, जल-निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए स्थायी अधोसंरचना बनाई जाएगी। शिप्रा नदी के आस-पास 28 किलोमीटर लंबे घाट बनाए जाएंगे। इंदौर से उज्जैन के बीच वंदे मेट्रो ट्रेन भी चलेगी और रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक रोप वे योजना भी शुरू होगी। सिंहस्थ क्षेत्र के चारों ओर रोड बनाए जा रहे हैं। घाट पर लोगों को लाने-ले जाने की व्यवस्था के लिए प्लान बनाया जाएगा। उज्जैन-इंदौर संभाग को समग्र धार्मिक-आध्यात्मिक सर्किट के रूप में विकसित करने की भी योजना है।

तैयारी चल रही
भोपाल में 8 नवंबर को बैठक के लिए तैयारी की जा रही है। नई योजनाएं भी तैयार हो रही हैं। सिंहस्थ का आयोजन यादगार बनाने के लिए सरकार हर स्तर पर काम कर रही है।
-नीरज कुमार सिंह, कलेक्टर

Related Articles