दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान हो गया है। सभी 70 सीटों पर एक ही चरण में 5 फरवरी, बुधवार को मतदान होगा। मतों की गिनती 8 फरवरी को होगी। चुनाव आयोग की इस घोषणा के साथ ही दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लग गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने यह जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव प्रक्रिया पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब भी दिया। दिल्ली चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी लगातार आरोप लगा रही है कि वोटर्स लिस्ट में भाजपा के इशारों पर धांधली की जा रही है।

दिल्ली में विधानसभा की कुल 70 सीट
राजधानी दिल्ली में 10 साल से आम आदमी पार्टी की सरकार है। आप ने 2015 में कुल 70 सीट में से 67 पर जीत दर्ज की थी। तब भाजपा को सिर्फ 3 सीट मिली थी और कांग्रेस का खाता नहीं खुला था।
इसके बाद 2020 के विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी का डंका बजा था। तब केजरीवाल की पार्टी ने 62 सीट जीती थी। भाजपा की झोली में 8 सीट गई थी, जबकि कांग्रेस एक बार फिर खाली हाथ रही थी।
वहीं, दिल्ली में बीते पांच साल में कई बड़ी घटनाएं हुई हैं। शराब नीति कांड में केजरीवाल समेत बड़े नेताओं की गिरफ्तारी बड़ा मुद्दा है। केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी को सीएम बनाया गया है।
वोटर्स लिस्ट को लेकर भी आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर लगातार हमला बोला है। आप नेताओं का कहना है कि भाजपा केंद्र में सत्ता में होने का गलत फायदा उठा रही है।









