नहीं आएंगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रशासन को मिला रेड सिग्नल

विक्रमोत्सव और विक्रम विश्व विद्यालय के दीक्षांत समारोह की नए सिरे से तैयारी
अक्षरविश्व प्रतिनिधि. उज्जैन:राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू 30 मार्च को उज्जैन नहीं आएंगी। प्रशासन को इसका स्पष्ट सिग्नल मिल गया है। इस कारण विक्रमोत्सव और विक्रम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह नए प्रोटोकॉल के अनुसार ही आयोजित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्मिलित होंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गुड़ीपड़वा (30 मार्च) पर राष्ट्रपति के आने की संभावना के मद्देनजर शिप्रा नदी पर आयोजित होने वाले विक्रमोत्सव के मुख्य समारोह की खास तैयारियां की जा रही थीं। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 30 मार्च को नहीं आएंगी।
विक्रमोत्सव के लिए शिप्रा नदी पर आयोजित मुख्य समारोह के लिए मंच राष्ट्रपति के आगमन के अनुसार ही बनाने के निर्देश दिए गए थे। विक्रम विश्वविद्यालय कार्यपरिषद की बुधवार को हुई बैठक में भी यह स्पष्ट कर दिया गया है कि राष्ट्रपति नहीं आएंगी। इस कारण विक्रम विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह राज्यपाल मंगुभाई पटेल की मुख्य उपस्थिति में होगा। कलेक्टर नीरजसिंह ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति का कार्यक्रम अभी नहीं है।
पांच माह पहले ही आई थीं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू पांच माह पहले 19 सितंबर 2024 को उज्जैन आई थीं। इस दौरान उन्होंने महाकाल दर्शन कर महालोक का भ्रमण भी किया था। उज्जैन से इंदौर तक बनने वाले सिक्स लेन का भूमिपूजन भी उन्होंने किया था।