शहर की शराब दुकानें गांव में पहुंची, विरोध की चिंगारी फूटी

आगर रोड पर नारेबाजी, देवास रोड पर चक्काजाम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। शहर में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाते हुए नगर निगम की सीमा में आने वाली 17 दुकानों को बंद कर दिया है लेकिन सीमा से बाहर जाकर आगर रोड और देवास रोड पर दुकानें खोली जा रही हैं जिसका आसपास के रहवासियों ने विरोध किया।
दरअसल, 1 अप्रैल से मप्र सरकार के आदेशानुसार शहर में शराब दुकानें बंद कर दी गई हैं। इसके बाद जैथल के समीप स्थित पिपलई की शराब दुकान को आगर रोड पर अहमद नगर के मुख्य मार्ग पर कंटेनर में शिफ्ट कर दिया है जिससे रहवासी नाराज हैं। उन्होंने नारेबाजी कर दुकान हटाने की मांग करते हुए कहा कि दुकान खुलने से यहां शराबियों का जमावड़ा तो बढ़ेगा ही महिलाओं के साथ भी छेड़छाड़ बढ़ेगी। सूचना पर सीएसपी सुमित अग्रवाल और चिमनगंज टीआई हितेश पाटिल पहुंचे और समझाइश देकर प्रदर्शन खत्म करवाया।
रहवासियों का चक्काजाम
इधर, देवास रोड स्थित शिवांश वैली में भी शराब दुकान खोली गई है। इसे लेकर कॉलोनीवासियों ने विरोध करते हुए चक्काजाम कर दिया। रहवासियों का कहना था कि अब शहर से लोग यहां पहुंचे जिससे भीड़ बढ़ेगी, शराबी भी बढ़ेंगे और अपराध में भी इजाफा होगा इसलिए इस दुकान को हटाया। नागझिरी पुलिस ने समझाइश देकर जाम खुलवाया।









