डॉक्टर से अभद्रता करने वाले मीडियाकर्मी को किया गिरफ्तार

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर पर ठीक से उपचार न करने की बात कहकर एक युवक ने अभद्रता करते हुए अफसरों से झूठी रिपोर्ट करने की धमकी दी। डॉक्टर की शिकायत पर तराना थाना पुलिस ने स्वयं को मीडियाकर्मी बताने वाले युवक के खिलाफ केस दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि शासकीय अस्पताल तराना में पदस्थ डॉ. ललित जांगड़ी 27 मार्च की शाम अस्पताल में ड्यूटी कर रहे थे तभी तराना निवासी इमरान नामक युवक उनके पास पहुंचा और कहा कि मैंने दिन में डॉक्टर साहब को ओपीडी में दिखाया था। डॉ. जांगीड़ ने कहा कि उन्होंने क्या इलाज लिखा था वो पर्चा मुझे दिखा दो।
पर्चा देखकर इमरान का उपचार किया इसके बाद भी इमरान ने कहा कि तुम मेरा इलाज ठीक ढंग से नहीं कर रहे हो, मैं पत्रकार हूं। इसके बाद वह डॉ. जांगीड़ से अभद्रता कर अफसरों से रिपोर्ट करने की धमकी देने लगा। डॉ. जांगीड़ ने तराना थाने पहुंचकर इमरान के खिलाफ केस दर्ज कराया।
जांच के बाद पुलिस ने इमरान खान पिता हामीद खान 34 निवासी जवाहर मार्ग तराना को गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे उप जेल तराना भेजा गया। पुलिस ने बताया कि पूर्व में भी खबर प्रकाशित करने के लिए बलपूर्वक 2 हजार रुपए की मांग करने के संबंध में इमरान के खिलाफ तराना थाने में केस दर्ज किया गया था।









