ताले तोडक़र डेढ़ लाख रुपए कैश सोने की चेन और ब्रेसलेट ले गए

आरपीएफ के प्रधान आरक्षक के घर चोरों का धावा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आरपीएफ पोस्ट उज्जैन में पदस्थ प्रधान आरक्षक के सूने घर पर चोरों ने धावा बोला। बदमाशों ने घर व अलमारी के ताले तोडक़र डेढ़ लाख रुपए नगद व सोने के आभूषण चोरी कर लिए। नीलगंगा थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है।
हाटकेश्वर डिजायर में रहने वाले आरपीएफ के प्रधान आरक्षक मनीराम मीना ने बताया कि वह रात 11.20 बजे के करीब घर पर ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। सुबह 9 बजे घर लौटे तो देखा मेनगेट का सेंट्रल लॉक टूटा था। शंका हुई तो घर में जाकर देखा पूरा सामान बिखरा पड़ा था। बेडरूम का दरवाजा खुला था और अंदर रखी अलमारी के ताले भी टूटे थे। अलमारी का सामान चोरों ने पलंग पर फेंककर उसमें रखे डेढ़ लाख रुपए नकद, सोने की चैन, ब्रेसलेट आदि सामान चोरी कर लिया। उन्होंने आसपास के लोगों को घटना बताई। पड़ोसी कपिल सिंह ने उन्हें बताया कि रात 3 बजे तक मैं जाग रहा था इस दौरान किसी प्रकार की आवाज नहीं आई थी। वारदात इसके बाद हुई होगी।
पड़ोसी बोले हमारे घर भी हो चुकी चोरी
मनीराम मीना के पड़ोस में रहने वाले कपिल सिंह ने बताया कि 2023 में उनके घर भी चोरी की वारदात हो चुकी है। बदमाशों ने सूने मकान के ताले तोडक़र 12 लाख रुपए नकद चोरी किए थे जिसकी रिपोर्ट नीलगंगा थाने में दर्ज कराई लेकिन आज तक चोरों का पता नहीं चल पाया है।
सीसीटीवी चैक कर रही पुलिस
मनीराम मीना ने बताया कि वह हाटकेश्वर डिजायर में पिछले 6 माह से किराए का मकान लेकर रहते हैं। उनका परिवार शादी समारोह में शामिल होने जयपुर गया है इस कारण घर पर ताला लगाकर ड्यूटी गया था। घटना की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस टीम ने मीना के घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए हैं।









