मोबाइल पर कॉल किया, बोला…आवाज पहचानो और कर दी 8 हजार की ठगी

साइबर ठगों का एक और नया कारनामा, ठगी का पुराना तरीका बदला
उज्जैन। पुलिस, प्रशासन, साइबर सेल, रिजर्व बैंक सहित अन्य शासकीय माध्यमों से आमजन को साइबर ठगों से बचने के तरीके, सावधानी रखने का प्रचार प्रसार किया जा रहा है वहीं साइबर ठग अफसरों से एक कदम आगे बढक़र नए नए पैतरों से लोगों को ठग रहे हैं। अब एक साइबर ठग ने युवक को अनजान नंबर से कॉल किया। बोला आवाज पहचानो। युवक ने दो तीन दोस्तों के नाम बताए जिसमें से एक कॉल करने वाला बन गया और 8 हजार की ऑनलाइन ठगी कर दी। मेरा नाम निलेश पिता रमेशचंद्र सेन है। मैं फ्रीगंज में रहता हूं और प्राइवेट काम करता हूं।
दो दिन पहले दोपहर करीब 1 बजे मेरे मोबाइल पर कॉल आया। नंबर अनजान था। फोन रिसीव किया। सामने वाले ने कहा पहचानो कौन बोल रहा है। मैंने राजेश, लोकेश और मिथलेश के नाम बताए। कॉल करने वाले ने कहा…हां मैं मिथलेश ही बोल रहा हूं, कैसे हो। निलेश ने तुरंत कहा तुम्हारी आवाज बदली लग रही है, नंबर भी दूसरा है। कॉल करने वाला बोला मेरे पुराने नंबर में बेलेंस नहीं है। नया फोन है इस कारण आवाज बदली लग रही है। अब मुझे पूरा भरोसा हो गया कि कॉल करने वाला मिथलेश ही है।
मिथलेश बनकर कॉल करने वाले ने कहा कि मेरा गूगल पे काम नहीं कर रहा, तुम्हारे अकाउंट में दूसरे तरीके से रुपए डाल देता हूं। तुम मेरे बताए नंबर पर रुपए भेज देना। मैं कुछ समझ पाता उसके पहले मोबाइल पर 5 हजार रुपए खाते में क्रेडिट का मैसेज आया। दूसरा मैसेज 8 हजार रुपए क्रेडिट का आया। मुझे यकीन हो गया कि मिथलेश ने मेरे खाते में रुपए डाले हैं। फिर मिथलेश का कॉल आया। उसने कहा कि मैं तुम्हें स्कैनर भेज रहा हूं जिसका उपयोग कर 2-2 हजार रुपए गूगल पे से डाल दो। चूंकि मेरे खाते में 13 हजार रुपए क्रेडिट का मैसेज आ चुका था इस कारण दोस्त की मदद करने में कोई संकोच न रहा।
मैंने 8 हजार रुपए उसके खाते में डाल दिए। आखिर में जब उससे कहा कि एक साथ पूरे रुपए डाल दूं तो उसने इंकार किया और फोन काट दिया। मुझे मामला गड़बड़ लगा। तुरंत बैंक बैलेंस चैक किया तो खाते से 8 हजार रुपए कटने का मैसेज था लेकिन 13 हजार रुपए क्रेडिट का न तो मैसेज था और न ही खाते में रुपए बढ़े थे। शंका होने पर मिथलेश को कॉल किया। उसने कॉल रिसीव नहीं किया। बैंक पहुंचकर शिकायत की और खाते में जमा 44 हजार में से 36 हजार रुपए बचे थे उनमें से 30 हजार रुपए तुरंत निकाल लिए।-जैसा कि निलेश सेन ने बताया

Advertisement
Advertisement









