मंगलनाथ मंदिर का अधूरा शिखर जल्द होगा पूरा

5%बिलो का टेंडर खुला, वर्कऑर्डर के बाद शुरू होगा काम

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। लंबे समय से मंगलनाथ मंदिर का अधूरा शिखर पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है। करीब पांच प्रतिशत बिलो का टेंडर खुलने के बाद ठेकेदार को जल्द वर्क ऑर्डर जारी कर शिखर का काम पूरा किया जाएगा। उज्जैन विकास प्राधिकरण ने इसके लिए 8 करोड़ 46 लाख रुपए का टेंडर लगाया था।
मंगलनाथ मंदिर के शिखर का काम दूसरे चरण के प्रोजेक्ट के तहत पूरा किया जा सकेगा। यूडीए द्वारा इसका ठेका ठेकेदार ललित शर्मा को देने की तैयारी की जा रही है। ठेकेदार कंपनी ने 5 प्रतिशत बिलो में ठेका लिया है। प्राधिकरण की टेंडर कमेटी जल्द ही इसे मंजूर कर आगे की प्रक्रिया शुरू करेगी। मंगलनाथ मंदिर के पुराने शिखर की ऊंचाई बढ़ाने के साथ मंदिर परिसर में स्टोन क्लैडिंग के काम कराने की तैयारी दूसरे चरण में चल रही है।
इस काम पर करीब आठ करोड़ रुपए खर्च होंगे। शिखर का काम शुरू करने के बाद पैसा खत्म होने से काम रुक गया। इस कारण करीब दो साल से शिखर का काम अधूरा है। मंदिर प्रबंध समिति ने उज्जैन विकास प्राधिकरण को ही निर्माण एजेंसी के रूप में दूसरे चरण के प्रोजेक्ट पूरे करने का जिम्मा सौंपा है। कार्यपालन यंत्री कुलदीप रघुवंशी ने बताया काम दोबारा शुरू करने की तैयारी चल रही है।









