शादी डॉट कॉम वेबसाइट बनाई, खुद ने शादी का प्रस्ताव रखा दो महिलाओं से 15.5 लाख ठग लिए

बडऩगर की महिला से 12 लाख रुपए
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन की महिला से 3.5 लाख रुपए
मुंबई की महिला ने राज खोला
पुलिस ने हिरासत में ले लिया
अक्षरविश्व न्यूजउज्जैन। शादी डॉट कॉम वाले शादी करवाते हैं, खुद दूल्हा या दुल्हन बन कर प्रस्ताव नहीं रखते। इंदौर के एक युवक ने शादी डॉट कॉम और संगम डॉट कॉम बना कर दो महिलाओं से साढ़े पंद्रह लाख और एक महंगा मोबाइल ठग लिया। एक महिला बडऩगर और दूसरी उज्जैन की है। दोनों के लिए यह दूल्हा बनने का प्रस्ताव लेकर गया था। पुलिस ने इस बदमाश को हिरासत में ले लिया है।
थानों में शिकायतें आती हैं, कई दिनों तक जांच के नाम पर पेंडिंग रहती हैं। बडऩगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के पास वहीं की एक तलाकशुदा महिला ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत की। थाना प्रभारी ने शिकायत मिलते ही सब-इंस्पेक्टर जयदीप राठौर को जांच सौंपी। जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। इन्हीं के आधार पर इंदौर पिपलिहाना निवासी सचिन पिता सुरेश जगताप को दबोच लिया।
सबसे पहले नर्स को दिया झांसा
तलाकशुदा नर्स ने अपनी शादी के लिए सचिन की वेबसाइट पर आवेदन किया। उसने नर्स से संपर्क किया और कहा मैं स्वयं शादी का इच्छुक हूं, बड़ा कारोबार है, फैक्ट्री है। नर्स उसके झांसे में आ गई। दोनों की मुलाकात भी हो गई और रिश्ता आगे बढऩे लगा। सचिन ने बहाना बनाया कि उसका उसकी फैक्ट्री में बड़ा नुकसान हो गया है। एक फ्लैट भी खरीदना है। नर्स उसके बहकावे में आ गई और मदद के लिए बारह लाख रुपए दे दिए।
उज्जैन की महिला को इस तरह फांसा
सचिन ने उज्जैन में रहने वाली शिक्षा में काम करने वाली विधवा महिला से संपर्क किया। उसे भी झांसा दिया कि हम शादी कर लेंगे। यह भी उसके चंगुल में फंस गई। उसने साढ़े तीन लाख रुपए और एपल का महंगा मोबाइल सचिन को दिया। वह इस महिला से मिलता रहा, कई बार कॉफी हाउस ले गया। उसे तनिक भी शंका नहीं हुई। सचिन उसे बेवकूफ बनाता रहा। भरोसा इसलिए भी हो गया क्योंकि सचिन ने दोनों महिलाओं से कभी अभद्रता नहीं की।
इस तरह राज खुला सचिन का
मुंबई की रहने वाली एक महिला सचिन के साथ लिव इन रिलेशनशिप में उसके साथ रहती है। एक दिन सचिन मोबाइल घर रख कर कहीं चला गया। महिला ने अनायास मोबाइल देखा। उसमें दोनों महिलाओं के नंबर और जानकारी मिली। उसने सचिन को बताए बिना बडऩगर की नर्स से संपर्क किया और बताया कि सचिन तुम्हें बेवकूफ बना रहा है। नर्स ने उज्जैन की महिला के बारे में बताया। उससे भी बात की। नर्स ने बडऩगर पुलिस को आवेदन दिया, उधर उज्जैन की महिला ने भी शिकायत की। शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने सचिन को हिरासत में ले लिया।
करीब 35 महिलाओं के संपर्क में था
थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि सचिन का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। वह करीब ३५ महिलाओं के संपर्क में था। उसकी फितरत यही थी कि वह विधवा और तलाकशुदा महिलाओं से संपर्क करता था। अभी १६ महिलाओं के चैटिंग मिली है। हमारी टीम पर उस पर काम कर रही है। संभावना है कि और भी मामले सामने आएंगे। सचिन से भी पूछताछ की जा रही है। इस प्रकरण में सबसे अच्छी बात यह रही कि मुंबई की महिला ने सचिन का साथ देने के बजाए उसे सबक सिखाने की ठानी और दोनों महिलाओं ने भी पुलिस से संपर्क किया। यदि महिलाओं ने हिम्मत नहीं की होती तो वह न जाने कितनी महिलाओं को ठगता।










