दो साल पहले बेची खेती की जमीन फिर से सौदा कर एग्रीमेंट कर लिया

2.92 लाख रु. नकद और 50 हजार का चेक लेकर मेडिकल व्यापारी के साथ की धोखाधड़ी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दुर्गा प्लाजा के एक मेडिकल दुकान संचालक के साथ एक व्यक्ति ने खेती की जमीन का सौदा किया, इसके बदले में नगदी भी ले ली, फिर इसी जमीन का सौदा किसी ओर को करने की बात पता चली। व्यापारी ने रजिस्ट्री के समय जब जमीन की मालूमात करवाई तो धोखाधड़ी का पता चला। ऐसे में आरेापी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करवाया है।
गोवर्धनधाम निवासी सुनील पिता राजकुमार बोबल दुर्गा प्लाजा में मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। उनकी दुकान पर बामौरा निवासी सुभाष पिता रामेश्वर परमार का आना-जाना है। बोबल मेडिकल स्टोर के साथ प्रॉपर्टी का काम भी करते हैं। सुभाष ने उन्हें तराना तहसील के ग्राम खारपा में स्थित एक हेक्टेयर जमीन को बेचने की जानकारी दी थी। 8.50 लाख रुपए में जमीन का सौदा तय कर बोबल ने विक्रय अनुबंध तैयार करवा लिया था।29 अप्रैल 2025 को एग्रीमेंट करते समय एडवांस के तौर पर सुनील ने एक बार 2.92 लाख और दूसरी बार एक लाख रुपए नकद दिए थे। इसके अलावा 50 हजार रुपए का चेक भी दिया।
सुनील ने जब वकील के माध्यम से रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू की और उनके वकील ने रजिस्ट्रार कार्यालय से जमीन की जानकारी निकाली तो पता चला कि ग्राम खारपा में पटवारी हल्का नंबर 48 सर्वे क्रमांक 619 की जमीन तो दो साल पहले ढाबला रेवारी के भरत आंजना को बेची जा चुकी है। इसके बाद सुनील बोबल ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर सुभाष परमार की तलाश शुरू की है।








