Advertisement

फिल्मी अंदाज में कथानक बना कर युवक की हत्या चश्मदीद अपने साथियों के साथ अस्पताल ले गया

4 युवकों ने घेर लिया और चाकू से गोद दिया  खून अधिक बह जाने से युवक ने दम तोड़ा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

हत्या से पहले और बाद में थाने पहुंचे और बोले हमला हम पर तरूण ने हमला किया

दूसरी बार चालाकी में फंस गए चारों आरोपी

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज नागदा/उज्जैन। अपने दुश्मन को निपटाने के लिए तीन युवकों ने फिल्मी स्टाइल में हत्याकांड को अंजाम दिया। वारदात करने से आधा घंटा पहले थाने पहुंचे और उस व्यक्ति के खिलाफ मारपीट की शिकायत की जिस पर चाकुओं से वार किए गए। वारदात करने के बाद फिर थाने पहुंचे और उसी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की जो अस्पताल में दम तोड़ चुका था। इस बार चालाकी काम नहीं आई। पुलिस को हत्याकांड की जानकारी मिल चुकी थी।

पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। खाचरौद नाके पर हुए हत्याकांड का एक चश्मदीद गवाह है जिसने पूरा घटनाक्रम देखा और अपने साथी को खून से लथपथ हालत में बाइक से जनसेवा अस्पताल ले गया।

Advertisement

थाना प्रभारी प्रतीश शर्मा के अनुसार दयानंद कॉलोनी में रहने वाले 24 वर्षीय तरूण सिंह उर्फ कान्हा भाटी पिता हनुमान भाटी पर शुक्रवार दोपहर बिरलाग्राम लोहे के पुल क्षेत्र में रहने वाले उमेश डाबी उर्फ प्रिंस पिता सीताराम निवासी जबरन कॉलोनी नागदा, अर्जुन चौहान पिता कचरू जबरन कॉलोनी नागदा, रवि पिता प्रकाश मीणा जबरन कॉलोनी नागदा, हरीश पंवार आजादपुरा बिरलाग्राम ने अपने साथियों के साथ मिलकर बेल्ट और चाकू से हमला कर दिया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी मोहित ने पुलिस को बताया

तरूण हत्याकांड के प्रत्यक्षदर्शी मोहित रघुवंशी ने पुलिस को बताया प्रिंस डाबी ने पहले बेल्ट से हमला किया, इसी दौरान हरीश ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर घायल तरुण को वह अपने तीन दोस्तों के साथ बिरलाग्राम थाने लेकर पहुंचा। यहां बाइक से ही उसे जनसेवा अस्पताल लेकर पहुंचे। आईसीयू में पुलिस ने तरूण के मोबाइल में बयान रिकॉर्ड किए। खून अधिक बहने से डॉक्टर तरूण को बचा नहीं सके। तरुण अविवाहित था। उसकी दो बहनों का विवाह हो चुका है। एक छोटा भाई भी है।

हत्या से आधे घंटे पहले आरोपियों ने पुलिस को दिया आवेदन: तरूण पर हमला करने से आधा घंटा पहले तीन आरोपी मंडी थाने पहुंचे थे। यहां उन्होंने तरूण के खिलाफ मारपीट करने की शिकायत की थी। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार तरूण को चाकू से गोदने के बाद प्रिंस डाबी, हरीश, रवि और अर्जुन दोबारा थाने पहुंचे और बोले, हम पर तरूण ने हमला कर दिया है। तीनों को हल्की चोटें भी थी। पुलिस ने उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया।

करणी सेना और टीआई ने समझाया तब शव उठाया
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मगर परिजन अड़ गए कि जब तक आरोपियों के मकान नहीं तोड़े जाते वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस थाने में शव रखकर प्रदर्शन करेंगे। करणी सेना के तेज सिंह राठौर अपने साथियों के साथ पहुंचे और परिजन को समझाया। टीआई ने भी समझाया कि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।

सीसीटीवी बंद मिले
पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात स्थल के समीप टटावत मैरिज गार्डन के सीसीटीवी चैक किए तो कैमरे बंद मिले। शहर में पुलिस द्वारा लगवाए गए कैमरे भी बंद हंै।

प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या…!
सूत्र बताते हैं कि तरूण और आरोपी आपस में दोस्त थे। किसी बात पर लगभग तीन माह पूर्व इनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस कयास लगा रही है कि संभवत विवाद का कारण प्रेम प्रसंग हो सकता है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

ताली बजाते हुए लौटे आरोपी
आसपास के लोगों के अनुसार आरोपी प्रिंस आठ- दस साथियों के साथ खाचरौद नाके पर स्थित जीजा चाय वाले की दुकान पर खड़ा था। तरूण को आता देख उसे रोका और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से तरूण घबरा गया, उसने खुद को बचाने का प्रयास भी किया लेकिन चाकू के वार से वह निढाल हो गया। प्रिंस आर-1 फाइव बाइक से आया था। जबकि अन्य आरोपी डीलक्स बाइक पर सवार थे। तरुण पर हमला करने के बाद प्रिंस और हरीश ताली बजाते हुए अपनी गाडिय़ों से चले गए। सीएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि इस हत्याकांड की जांच की जा रही है।

Related Articles

Write a review