आपत्तिजनक वीडियो वायरल, मुस्लिम समाज के लोगों ने खाराकुंआ थाना घेरा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जगन्नाथ यात्रा के दौरान एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें कुछ शरारती द्वारा अशोभनीय हरकत की है। विरोध में बड़ी संख्या में लोग रात को इकट्ठा हुए और खाराकुआं थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि धार्मिक यात्रा के दौरान कुछ लोगों ने छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद स्थल पर अशोभनीय चीज फेंकी।

इस मामले की न सिर्फ जांच की जाए बल्कि जिस व्यक्ति ने यह हरकत की है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। यह हरकत शहर की कानून व्यवस्था, एकता और भाईचारे को बिगाडऩे की साजिश है। यहां सभी संप्रदाय के लोग मिलजुल कर त्योहार मनाते आ रहे हैं।
एकता में खलल डालने वाला व्यक्ति किसी भी समाज का हो उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस को वीडियो भी दिया। इस संदर्भ में एडिशनल एसपी नीतेश भार्गव ने कहा कि थाने पर आए लोगों से आवेदन ले लिया है, जांच की जाएगी। देर रात तक हंगामा चलता रहा। उन्होंने कहा कि थाने आए सभी लोगों ने शहर की एकता और भाईचारे को लेकर बात की है।








