रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 2 और 3 की लंबाई 300 मीटर बढ़ेगी, लंबे रैक वाली ट्रेन भी आसानी से आ-जा सकेंगी

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। सिंहस्थ २०२८ के तहत रेलवे ने यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का काम रेलवे स्टेशन पर शुरू कर दिया है। इस कड़ी में लंबे रैक की ट्रेनों को प्लेटफार्म २ एवं ३ की लेने के लिए इनकी लंबाई बढ़ाई जा रही है। यह ३०० मीटर तक बढ़ेगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेलवे स्टेशन पर ८ प्लेटफार्म हैं और अब तक इनमे से ६ का उपयोग ज्यादा होता था। प्लेटफार्म ७ एवं ८ की लाइन के कनेक्ट नहीं होने से इनका उपयोग पहले कम होता था लेकिन दो महीने पहले ही इन प्लेटफार्म को नागदा और भोपाल एंड से जोड़ दिया गया है। इन पर अब ट्रेन आने और जाने की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
प्लेटफार्म सुधार की कड़ी में अब २ और ३ की लंबाई बढ़ाई जा रही है। अभी यह प्लेटफार्म ६०० मीटर लंबे हैं और इन पर २२ कोच की ट्रेन खड़ी नहीं हो सकती। ऐसे में इन प्लेटफार्म से इनसे कम कोच वाली ट्रेनों को ही लिया जाता है। पिछले सालों में उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव काफी बढ़ गया है। कई नई ट्रेनें शुरू होने से प्लेटफार्म कम पडऩे लगे हैं, ऐसे में २ और ३ की लंबाई बढ़ाई जा रही है। नागदा एंड पर इन प्लेटफार्म की लंबाई ३०० मीटर तक बढ़ाई जाएगी। काम पूरा होने के बाद २२ कोच की ट्रेन भी इन प्लेटफार्म पर आ-जा सकेंगी।
माधवनगर स्टेशन की ओर बनेगा होल्डिंग एरिया
सिंहस्थ की तैयारियों के क्रम रेलवे माधवनगर रेलवे स्टेशन की ओर स्थित नीलगंगा रेलवे कॉलोनी के मकानों को डिस्मेंटल कर रहा है। इस जगह को सिंहस्थ के समय होल्डिंग एरिया के तौर पर यूज किया जाएगा। गौरतलब है कि सिंहस्थ के समय यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है और मुख्य स्टेशन के सामने इतनी जगह नहीं है कि वह यात्रियों को अधिक संख्या में रोका जा सके। माधव नगर रेलवे स्टेशन की ओर का क्षेत्र इसके लिए सबसे उपयुक्त है।
मुंबई सेंट्रल और दिल्ली के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
पश्चिम रेलवे मुंबई सेंट्रल से भिवानी और शकूर बस्ती दिल्ली के बीच स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन करेगा। इनमें से एक ट्रेन रतलाम और दूसरी रतलाम और नागदा स्टेशन से गुजरेगी। मुंबई सेंट्रल-भिवानी हर मंगलवार और शुक्रवार को मुंबई से चलेगी। यह रात ९.१५ बजे रतलाम स्टेशन पर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन बुधवार और शनिवार को दोपहर २.३५ बजे भिवानी स्टेशन से चलेगी और अगले दिन सुबह ६.०५ बजे रतलाम रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। इसीतरह मुंबई सेंट्रल-शकूर बस्ती स्पेशल ट्रेन रविवार रात ११.३० बजे मुंबई से चलेगी। यह सोमवार सुबह ८.४५ बजे रतलाम और ९.५५ बजे नागदा पहुंचेगी। वापसी में यह शनिवार रात १०.४० बजे शकूरबस्ती से चलेगी और रविवार को सुबह १०.१५ बजे नागदा और ११.०५ बजे रतलाम रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।










