12 दिन, 29.10 लाख श्रद्धालु और 8.40 करोड़ रु. की आय

देशभर से आए दर्शनार्थी अपने साथ 500 क्विंटल लड्डू प्रसाद ले गए
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में पिछले साल के अंतिम दिनों और नववर्ष पर रिकॉर्डतोड़ श्रद्धालु पहुंचे। इन 12 दिनों में देशभर से 29.10 लाख दर्शनार्थियों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। इसके अलावा 500 क्विंटल लड्डू प्रसाद भी अपने साथ ले गए जिससे मंदिर को रिकॉर्डतोड़ आय 8.40 करोड़ भी हुई। इसमें शीघ्र दर्शन से 5.40 करोड़ और लड्डू प्रसाद से 3 करोड़ की आय हुई।
दरअसल, 25 दिसंबर से ही श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढऩे लगी थी। 26 से 31 दिसंबर तक प्रतिदिन औसतन डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। 31 दिसंबर को 1 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकाल के दर्शन किए। नववर्ष के पहले दिन (1 जनवरी) सर्वाधिक भीड़ रही जब 24 घंटे में 6 लाख 12 हजार 879 दर्शनार्थियों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद भी श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नहीं आई। 2 जनवरी को 2 लाख 73 हजार, 3 जनवरी को 2 लाख 19 हजार, 4 जनवरी को 2 लाख 46 हजार और 5 जनवरी को 2 लाख 14 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।









