दो ज्योतिर्लिंगों की राह होगी आसान, महाकाल से ओंकारेश्वर पहुंचने में लगेंगे ढाई घंटे
तीन सुरंगें खत्म करेंगी घाट का लंबा व घुमावदार रास्ता 148 किमी की दूरी तय करने में अभी लगते हैं 4 घंटे

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सिंहस्थ से पहले महाकाल की नगरी को ओंकारेश्वर से जोडऩे की कवायद तेज हो गई है। इंदौर-खंडवा फोरलेन का काम अंतिम चरण में है। यह पूरा होने पर दोनों ज्योतिर्लिंगों के बीच148 किलोमीटर की दूरी तय करने में दो से ढाई घंटे लगेंगे। अभी 4 घंटे का समय लगता है। इस सफर को तीन सुरंगें आसान करेंगी। यह टनल इंदौर-ओंकारेश्वर के बीच घाट मेें बनाई जा रही हैं।
इससे घाट के करीब 20 किलोमीटर के घुमावदार रास्ते से राहत मिलेगी। करीब 1500 करोड़ रुपए के रोड प्रोजेक्ट से मालवा और निमाड़ क्षेत्र में पर्यटन एवं व्यापार को गति मिलेगी। इंदौर से ओंकारेश्वर के बीच पहाड़ों को काट और खाइयों को पाटकर फोरलेन बन रहा है। इन घाटों में करीब 1600 मीटर लंबाई की बनने वाली तीन सुरंगों की ऊंचाई 10 और चौड़ाई 16 मीटर रखी गई है। प्रोजेक्ट के तहत 30 छोटे-बड़े पुल और पुलिया भी बनाई गई हैं।
उज्जैन से ओंकारेश्वर तक को मिलेगी राहत
मध्यप्रदेश में दो ज्योर्तिलिंग हैं। पहला उज्जैन में श्री महाकालेश्वर और दूसरा ओंकरेश्वर मेंं ममलेश्वर। उज्जैन आने वाले श्रद्धालु ओंकारेश्वर और ओंकारेश्वर आने वाले उज्जैन आते हैं। सिंहस्थ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन आने की संभावना है। सडक़ तैयार होने से ओंकारेश्वर तक सीधा और सुविधाजनकसंपर्क होगा।
निर्माण कार्य जारी है
इंदौर-खंडवा फोरलेन का काम तेजी से जारी है। तीन से चार महीने में सडक़ पर आवागमन शुरू हो जाएगा। विशेषकर सिंहस्थ के दौरान लोगों का उज्जैन से ओंकारेश्वर पहुंचने का सफर आसान होगा।- प्रवीण यादव, प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई









