IND vs USA T20 World Cup : Team इंडिया ने जीत से की शुरुआत,USA को 29 रन से हराया

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी के बाद मुंबई के वानखेड़े में मिया मैजिक देखने को मिला, जिससे भारतीय टीम ने अमेरिका को 29 रन से हरा दिया और जीत के साथ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज किया. सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रनों की पारी खेली थी और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया.

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम के दिए 162 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी यूएसए का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया. सलामी बल्लेबाज एंड्रियस गौस 6, सैतेजा मुक्कमल्ला 2, और कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए. 13 पर 3 विकेट गंवा चुकी यूएसए को मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर स्कोर को 71 तक ले गए. मिलिंद इसी स्कोर पर 34 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद 98 के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में संजय कृष्णमूर्ति भी 37 रन बनाकर आउट हो गए.
इन दोनों की जोड़ी टूटने के बाद यूएसए का निचला क्रम ढह गया. शुभम रंजने के 22 गेंद पर बनाए 37 रन के बावजूद यूएसए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रन बना सकी और 29 रन से मैच हार गई. भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2, अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2, और वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए.
पिछले बार की तरह इस बार भी टी20 विश्व कप में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन सभी टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है जिसमें प्रत्येक ग्रुप में पांच टीमें शामिल हैं। ग्रुप चरण के बाद सुपर आठ चरण होगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें इस चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी। सुपर आठ चरण में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा जिसमें प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें होंगी।
इनमें से दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी जिसके बाद दो टीमें फाइनल मुकाबला खेलेंगी। इस बार जो टीमें इस वैश्विक टूर्नामेंट में खेलेंगी उनमें भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान, अमेरिका, स्कॉटलैंड (बांग्लादेश की जगह), इटली, इंग्लैंड, नेपाल, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
USA: सैतेजा मुक्कामाला, एंड्रीज गौस, शायन जहांगीर, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, अली खान और सौरभ नेत्रवलकर।









