पहली डिजिटल जनगणना कल से, घर बैठे ही खुद भर सकेंगे जानकारी

33 सवालों के देना होंगे जवाब, ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद मिलेगा एसई आईडी
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। देश की आठवीं और पहली डिजिटल जनगणना 2027 गुरुवार से शुरू हो रही है। प्रदेश और जिले में सेल्फ एम्यूमरेशन (स्व-गणना) के लिए सेंसस का विशेष पोर्टल खुलेगा, नई व्यवस्था के तहत घर का मुखिया खुद ही अपने मोबाइल या कम्प्यूटर से जनगणना का फॉर्म सबमिट कर सकेंगे।
प्रथम चरण में 16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन जानकारी दर्ज की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदक को विशिष्ट आईडी (एसई-आईडी) मिलेगी। यह आईडी 1 से 31 मई के बीच घर आने वाले प्रगणक को दिखानी होगी। प्रगणक इसी के आधार पर स्व-गणना की जानकारी का मौके पर मिलान और पुष्टि करेंगे।
जियो-टैगिंग से सत्यापन, दो स्तरीय जांच के बाद फाइनल डेटा
सेंसस पोर्टल को जियो-टैगिंग से जोड़ा गया है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि जैसे ही कोई भी पोर्टल पर फॉर्म सबमिट करेगा, वह जानकारी सीधे उसके क्षेत्र के प्रगणक के मोबाइल एप पर रिफ्लेक्ट होने लगेगी।
पहला स्तर- प्रगणक घर जाकर आईडी की जांच करेंगे। यदि कोई त्रुटि है तो प्रगणक उसे सुधार कर दोबारा सबमिट करेंगे।
दूसरा स्तर- प्रगणक का डेटा सुपरवाइजर के पास जाएगा। सुपरवाइजर के वेरिफाई और अप्रूव्ड के बाद ही जानकारी पोर्टल पर अंतिम रूप से दर्ज होगी। एक बार फाइनल सबमिशन होने के बाद इसमें कोई बदलाव नहीं होगा।
कैसे करें स्व-गणना : जानिए स्टेप-बाय-स्टेप
लॉगिन-पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना राज्य चुनें और कैप्चा भरें।
पंजीकरण- परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
भाषा- अपनी सुविधा के अनुसार 16 भाषाओं में से किसी एक का चयन करें और ओटीपी से वेरिफिकेशन करें।
लोकेशन- जिला, शहर और अपनी सही लोकेशन चुनें।
जानकारी- 33 सवालों के फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरें और अच्छी तरह चैक करने के बाद ही सबमिट करें।
आईडी- फॉर्म सबमिट होते ही मिलने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखें।
इन 33 सवालों का जवाब देना होगा अनिवार्य: जनगणना के पहले चरण में परिवार और मकान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जाएंगी। सर्वे पत्रक में 33 कॉलम हैं जिनकी जानकारी देना अनिवार्य है। इसमें मकान नंबर, निर्माण सामग्री, परिवार के सदस्यों की संख्या, पेयजल और प्रकाश का स्रोत, शौचालय की सुविधा, रसोई गैस कनेक्शन, मोबाइल, इंटरनेट, वाहन (कार/जीप/वैन) और उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज जैसी व्यक्तिगत और भौतिक सुविधाओं की जानकारी शामिल है।









