एआई से अश्लील वीडियो बनाकर नाबालिग को ब्लैकमेल किया

ग्वालियर। ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है, जहां 17 वर्षीय छात्रा को फर्जी अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उससे गहने ऐंठ लिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मुरार निवासी 12वीं की छात्रा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पिता की सदर बाजार में दुकान है, जहां हर्ष ठाकुर नामक युवक काम करता है।

छात्रा के अनुसार, वह बारादरी क्षेत्र में कोचिंग के लिए जाती थी और फरवरी 2026 से आरोपी उसका पीछा करने लगा। कई बार रास्ते में छेड़छाड़ भी की गई। प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर आरोपी ने एआई तकनीक से उसका फर्जी आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 15 हजार रुपए की मांग की। डर के चलते छात्रा ने पहले पिता को जानकारी दी, जिन्होंने आरोपी को समझाया, लेकिन कुछ दिन बाद उसने फिर धमकाना शुरू कर दिया।








